Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

राजस्थान के 3 नेताओं के ट्विटर हैंडल लॉक:राजस्थान PCC का ऑफिशियल अकाउंट भी लॉक, डोटासरा बोले- ट्विटर वाले केंद्र के दबाव में

जयपुर

दिल्ली में दुष्कर्म पीड़िता के परिवार का फोटो ट्वीट करने पर राहुल गांधी का ट्विटर अकांउट लॉक होने के बाद राजस्थान के नेताओं के ट्विटर हैंडल और राजस्थान कांग्रेस के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल को भी लॉक कर दिया गया है। इन हैंडल से राहुल गांधी के ट्वीट को रीट्वीट किया गया था। राजस्थान के कांग्रेस प्रभारी अजय माकन, राष्ट्रीय महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह और कांग्रेस डेटा सेल के प्रभारी विशाल मीणा का ​अकाउंट लॉक कर दिया गया है। इन नेताओं के हैंडल से भी दुष्कर्म पीड़िता के परिवार की पहचान उजागर होने के फोटो ट्वीट हुए थे।

डोटासरा का केंद्र पर निशाना
राजस्थान कांग्रेस और नेताओं के ट्विटर अकांउट लॉक होने के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कड़ी प्रति​क्रिया जताई है। उन्होंने कहा कि ट्विटर वाले केंद्र के दवाब में हैं, इसीलिए राहुल गांधी सहित हमारे वरिष्ठ नेताओं के ट्विटर अकाउंट लॉक कर दिए हैं। कांग्रेस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना जारी रखेगी। हमारे नेता दिल्ली की दुष्कर्म पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठा रहे हैं। न्याय के लिए आवाज उठाना गुनाह नहीं है। बीजेपी वाले सबकी जासूसी करा रहे हैं। कांग्रेस सबको साथ लेकर चलती थी। पेगासस को लेकर जांच होनी चाहिए। संसद को विपक्ष नही सत्ता पक्ष नहीं चलने दे रहा है। विपक्ष को बात कहने से रोका जा रहा है।

लोगों की स्वतंत्रता का हनन
महिला बाल विकास मंत्री ममता भूपेश ने कहा- देश में दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति बनी हुई है। लोगों की स्वतंत्रता का हनन हो रहा है। लोग अपने विचार को प्रकट नहीं कर पा रहे हैं। जिस तरीके से राहुल गांधी, अजय माकन, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित तमाम लोगों के ट्विटर अकाउंट बंद हो रहे हैं, उससे साफ है कि केंद्र सरकार देश को गुलामों की तरह रखना चाहती है। कांग्रेस का सिपाही अंतिम समय तक लड़ाई लड़ेगा।

आवाज दबाना चाहती है केंद्र सरकार
कांग्रेस के प्रदेश सचिव जसवंत गुर्जर और ललित तूनवाल ने कहा, पीड़ित के लिए न्याय मांगना गुनाह है, तो यह गुनाह हम बार-बार करेंगे। कांग्रेस पीड़ितों के लिए लड़ाई जारी रखेगी। केंद्र में बैठी सरकार लोगों की आवाज को दबाना चाह रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *