जोधपुर
जोधपुर में पंचायती राज चुनाव की सरगर्मियां तेज होने के साथ ही कार्यकर्ताओं में आपसी खींचतान साफ नजर आने लगी है। सर्किट हाउस में पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़ की मौजूदगी में कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। पूर्व सांसद से धक्का-मुक्की तक हो गई। पंचायत चुनाव में टिकटों की दावेदारी को लेकर यह विवाद हुआ।
मुख्यमंत्री के बेहद करीबी पूर्व सांसद के साथ जोधपुर के सर्किट हाउस में हुई इस घटना को वहां मौजूद किसी कार्यकर्ता ने मोबाइल में कैद कर लिया। दैनिक भास्कर के पास मौजूद वीडियो में टिकट को लेकर पहुंचे दावेदार पूर्व सांसद से उलझते हुए नजर आ रहे हैं।

सर्किट हाउस के बाहर पूर्व सांसद से उलझते नाराज कार्यकर्ता।
सर्किट हाउस में चुनाव के लिए टिकट की दावेदारी को लेकर रविवार को बैठक हुई थी। बैठक खत्म होते ही नाराज कार्यकर्ता एक दूसरे से उलझ गए। मामला गरम होता देख जाखड़ बीच में आए तो नाराज कार्यकर्ता उन पर भी बरस पड़े। यहां तक कि जाखड़ के साथ जमकर बहस और धक्का-मुक्की हो गई। इस दौरान वहां मौजूद सुरक्षा कर्मी ने बीच बचाव कर जाखड़ को उनकी गाड़ी तक पहुंचाया।
वीडियो में पंचायत समिति के सदस्य का टिकट कटने पर नाराज कार्यकर्ता जाखड़ को यह कहते नजर आए कि पंचायत समिति सदस्य होने के बावजूद मेरा टिकट कैसे काटा जा सकता है। आरोप है कि इस बार जाखड़ ने अपने परिवार के अधिकांश सदस्यों का नाम दावेदारी के लिए भेजा है, जिससे अन्य कार्यकर्ता नाराज हैं।
गौरतलब है कि बद्रीराम जाखड़ की बेटी मुन्नी गोदारा ने भी जिला परिषद सदस्य के लिए दावेदारी जताई है। महिला सीट होने के चलते उन्हें जिला प्रमुख पद के लिए प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
21 पंचायत समितियों में तीन चरणों में होंगे चुनाव
सोमवार को पंचायत चुनाव के लिए नामांकन का अंतिम दिन है। जोधपुर में 21 पंचायत समितियों में तीन चरण में 26, 29 अगस्त और 1 सितंबर को चुनाव होंगे। पहले चरण में फलोदी, बाप, घंटियाली, केरु, मंडोर, ओसियां व तिंवरी में चुनाव होंगे। दूसरे चरण में शेरगढ़, बालेसर, सेखाला, चामू, लोहावट, बापिनी, आऊ, देचू में चुनाव होंगे। तीसरे चरण में भोपालगढ़, बावड़ी, बिलाड़ा पिपाड़ शहर, लूणी, वधवा में चुनाव होने हैं।
17 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 18 अगस्त तक प्रत्याशी अपना नामांकन वापस ले सकेंगे और 18 अगस्त को ही चुनाव चिन्हों का आवंटन कर दिया जाएगा। 26 अगस्त को पहले चरण, 29 अगस्त को दूसरे चरण और 1 सितंबर को तीसरे चरण का मतदान होगा।