Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पुजारियों ने चलाईं लाठियां, VIDEO:मंदिर के पास दुकान लगाने को लेकर विवाद, भीम आर्मी ने पिटाई करने वालों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर निकाली रैली, गांव में पुलिस बल तैनात

रुदावल, भरतपुर

भरतपुर जिले के रुदावल थाना इलाके में हनुमान मंदिर पर जमकर लाठियां चलीं। किसी ने इस घटना का वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद मामला और गरमा गया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। भीम आर्मी ने सोमवार को जाटव बस्ती से मुख्य बाजार से होते हुए बस स्टैंड तक रैली निकाली। बस स्टैंड पर जाम लगा दिया। भीम आर्मी की मांग है की जाटव समाज के लोगों की पिटाई करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। रुदावल थाने के पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया जाए। फिलहाल रुदावल इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। मारपीट की घटना 14 अगस्त की बताई जा रही है।

जाटव समाज के लोग नहीं लगने दे रहे थे दुकान

जाटव समाज के कुछ लोग मंदिर के आसपास पूजा सामग्री की दुकानें नहीं लगने दे रहे थे। विवाद इतना बढ़ गया की मंदिर के पुजारियों ने दूसरे पक्ष की लाठी-डंडों से पिटाई कर डाली। करीब 50 साल पहले रुदावल के रहने वाले मंगलदास और भूप सिंह ने गांव में स्थित अपनी-अपनी जमीन अदला-बदली कर ली थी। मंगलदास जाटव समाज के थे और भूप सिंह वैश्य समाज के थे। भूप सिंह ने मंगलदास से ली हुई अपनी जमीन रुदावल हनुमान मंदिर के ट्रस्ट को दान कर दी। यहां धर्मशाला बना दी गई। वहां आस-पास लोग पूजा सामग्री की दुकानें भी लगाने लगे। भूप सिंह की जमीन पर मंगलदास के लड़के खेतीबाड़ी करते हैं।

मंदिर के पास तैनात पुलिस जाब्ता।

मंदिर के पास तैनात पुलिस जाब्ता।

पुजारियों से लड़ने लगा

कुछ दिन पहले मंगलदास के लड़के मंदिर पर पहुंचे। दान की हुई जमीन पर जो दुकानें लगी थीं, उन्हें हटाने लगे। इसकी शिकायत दुकानदारों ने मंदिर के महंत उमाशंकर से की। मंदिर के महंत ने इसकी शिकायत रुदावल थाने में दर्ज करवा दी। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस मंगलदास के लड़के संतोष के पास पहुंची और उन्हें थाने आने को कहा। इस बात से गुस्सा होकर संतोष मंदिर पहुंचा और मंदिर के पुजारियों से लड़ने लगा। दोनों में जमकर कहासुनी हुई। बात इतनी बढ़ी कि मंदिर के पुजारियों ने लाठी-डंडे निकाल कर संतोष और उसके परिवार की पिटाई कर डाली। इस वीडियो को वहां मौजूद एक व्यक्ति ने अपने कैमरे में कैद कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का भी प्रयास किया। दोनों पक्ष नहीं माने और एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *