अक्षय कुमार की अपकमिंग फिल्म ‘बेल बॉटम’ को लेकर कई दिनों से चर्चा हो रही है। हाल ही में इस फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान किया गया था। यह फिल्म आगामी 19 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब खबर सामने आई है कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने इस फिल्म को जीरो कट के साथ पास कर दिया है।
एक सूत्र ने कहा, ” ‘बेल बॉटम’ को बिना किसी कट के पास कर दिया गया है। ऐसा लग रहा था कि CBFC फिल्म के कुछ दृश्यों या डायलॉग में संशोधन के लिए कहेगा, क्योंकि फिल्म एक वास्तविक जीवन के अपहरण की घटना है। यह भारतीय अधिकारियों द्वारा किए गए एक गुप्त ऑपरेशन से संबंधित है।”
सेंसर बोर्ड ने फिल्म को U/A सर्टिफिकेट दिया है। फिल्म में भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी दिखाया जाएगा। यह फिल्म 2 घंटे 5 मिनट की होगी। फिल्म की कहानी 1984 में हुए प्लेन हाईजैक पर आधारित है। इस फिल्म की कहानी असीम अरोड़ा और परवेज शेख ने लिखी है। फिल्म का निर्देशन रंजीत एम तिवारी ने किया है। अक्षय फिल्म में भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ एजेंट और लारा दत्ता इंदिरा गांधी की भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म में हुमा कुरैशी, वाणी कपूर और आदिल हुसैन भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
दीपिका और अनन्या ने शकुन बत्रा की अपकमिंग फिल्म की शूटिंग की पूरी
दीपिका पादुकोण काफी समय से डायरेक्टर शकुन बत्रा की अपकमिगं फिल्म को लेकर चर्चा में हैं। अभी इस फिल्म का टाइटल तय नहीं किया गया है। इस फिल्म में उनके साथ अनन्या पांडे भी नजर आने वाली हैं। अब जानकारी सामने आ रही है कि दीपिका और अनन्या ने इस फिल्म की शूटिंग पूरी कर ली है। फिल्म का निर्माण करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले किया जा रहा है।
दीपिका ने सोशल मीडिया पर फिल्म के सेट से कुछ फोटोज शेयर की हैं। इन फोटोज में फिल्म के डायरेक्टर शकुन, अनन्या और सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ दीपिका मस्ती के मूड में नजर आ रही हैं। दीपिका ने फोटोज के कैप्शन में लिखा, “प्यार, दोस्ती और यादें जीवन भर के लिए।”
शकुन की यह फिल्म रोमांटिक फिक्शन ड्रामा पर आधारित है, जिसमें दीपिका, सिद्धांत, अनन्या और धैर्य कारवा स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आएंगे। फिल्म की कहानी और टाइटल के बारे में आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। हाल में खबर सामने आई थी कि दीपिका फिल्म में फिटनेस ट्रेनर की भूमिका निभाएंगी। बताया जा रहा है कि इस फिल्म की कहानी एक सिलेब्रिटी फिटनेस ट्रेनर के इर्दगिर्द घूमती है। यह फिल्म एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर पर आधारित है।
ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा और मीराबाई चानू से मिले मधुर भंडारकर
फिल्ममेकर मधुर भंडारकर ने हाल ही में टोक्यो ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा और मीराबाई चानू से मुलाकात की है, जिन्होंने टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत को गौरवान्वित किया है। वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने 49 KG कैटेगरी में सिल्वर मेडल हासिल किया था। नीरज चोपड़ा ने जेवलिन थ्रो इवेंट में 87.58 मीटर के थ्रो के साथ भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता था। मधुर भंडारकर ने दोनों से लंबी बातचीत की और ऐतिहासिक जीत पर बधाई भी दी।
दिल्ली में हुई अपनी इस मुलाकात के बारे में मधुर भंडारकर ने बताया, “मुझे नीरज चोपड़ा और मीराबाई चानू दोनों से मिलकर खुशी हुई। वे असली हीरो हैं जिन्होंने हमारे देश को गौरवान्वित किया है।” मधुर भंडारकर ने नीरज और मीराबाई से अपनी इस मुलाकात की कुछ फोटोज सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। इन फोटोज के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “नीरज चोपड़ा और मीराबाई चानू से मिलकर और उन्हें टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत के लिए गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतने पर बधाई देना बहुत खुशी की बात थी। इसे बनाए रखें चैंपियंस।”
स्वतंत्रता सेनानी उषा मेहता पर फिल्म बनाएंगे करन जौहर, स्क्रिप्ट पर काम शुरू
बीते कुछ सालों में बॉलीवुड के जाने माने फिल्ममेकर करन जौहर ने देशभक्ति पर आधारित कई सारी फिल्में बनाई हैं। इनमें ‘राजी’, ‘केसरी’, ‘गुंजन सक्सेना’ और हालिया रिलीज फिल्म ‘शेरशाह’ शामिल है। करन जौहर ने हाल ही में भारत के नामी वकील सी. शंकरन नायर के जीवन पर भी फिल्म बनाने की घोषणा की थी। अब खबरें आ रही हैं कि करण की कंपनी ‘धर्मा प्रोडक्शंस’ एक और स्वतंत्रता सेनानी पर फिल्म बनाने जा रही है। इस स्वतंत्रता सेनानी का नाम उषा मेहता है। भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान उषा मेहता ने ब्रिटिश सरकार को कड़ी टक्कर दी थी। देश की आजादी के बाद साल 1998 में उन्हें प्रतिष्ठित पुरस्कार पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।
फिलहाल फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है। यह एक गुमनाम नायक की वीरता की कहानी है। खबरों की मानें तो करण की अपकमिंग फिल्म में किसी बड़ी एक्ट्रेस को लीड कास्ट के तौर पर लेने की तैयारी में हैं। फिलहाल करण रणवीर और आलिया के साथ अपनी अगली फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में बिजी हैं।

आलिया भट्ट को पसंद आई ‘शेरशाह’, कहा- तुम बहुत स्पेशल थे सिद्धार्थ मल्होत्रा
आलिया भट्ट ने हाल ही में अपने दोस्त और को-स्टार रहे सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म ‘शेरशाह’ देखी है। इसके बाद उन्होंने सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म की जमकर तारीफ की। आलिया भट्ट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर फिल्म की सक्सेस के लिए पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “फिल्म जरूर देखनी चाहिए। इस फिल्म ने मुझे हंसाया और रुलाया और सब कुछ। सिद्धार्थ मल्होत्रा तुम बहुत खास थे। और मेरी खूबसूरत कियारा आडवाणी आप सच में बस चमक रही हैं। इतनी प्यारी फिल्म बनाने के लिए पूरी टीम और पूरी कास्ट को बधाई।” फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा का रोल कर रहे हैं। वहीं, कियारा आडवाणी उनकी पत्नी की भूमिका में नजर आ रही हैं।