Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पंचायत चुनाव में BMW वाले नेता:करोड़ों की संपत्ति के मालिक चुनाव मैदान में उतरे, इनके नाम लाखों रुपए की जमीन और गहने, बेटा पिता का तो पति-पत्नी एक-दूसरे के कर्जदार

जयपुर

राजस्थान के 6 जिलों में पंचायत चुनावों की बिसात बिछ गई है। नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया से लेकर नाम वापसी तक का काम पूरा हो गया है। कई दिग्गज नेताओं के करोड़पति परिजन भी चुनाव मैदान में हैं। इनमें पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा की पत्नी लीला मदेरणा, पूर्व मंत्री बाबूलाल नागर के पुत्र विकास और पुत्रवधू रूपाली नागर भी शामिल हैं। नामांकन पत्र के अनुसार विकास के पास 3 करोड़ रुपए की संपत्ति है। रूपाली BMW कार की मालकिन हैं। भंवरी मर्डर केस में फंसे महिपाल मदेरणा की पत्नी लीला मदेरणा के पास 2.71 करोड़ की संपत्ति है।

विकास को उप जिला प्रमुख के दावेदार के तौर पर उतारे जाने की चर्चा है। रूपाली को मौजमाबाद पंचायत समिति के प्रधान के दावेदार के तौर देखा जा रहा है। जोधपुर से लीला मदेरणा को भी जिला प्रमुख का दावेदार माना जा रहा है। उनका मुकाबला पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़ की बेटी मुन्नी देवी से है। मुन्नीदेवी भी कांग्रेस के टिकट पर जोधपुर जिला परिषद के वार्ड 18 से चुनाव मैदान में हैं।

3 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं विकास, नहीं है खुद की कोई कार

विकास नागर जिला परिषद जयपुर के वार्ड-12 से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। विकास करीब 3 करोड़ रुपए मूल्य की संपत्ति के मालिक हैं। इसमें 28.06 लाख रुपए के म्यूचुअल फंड, बीमा पॉलिसी, बैंक बैलेंस और सोने-चांदी के जेवरात शामिल हैं। इसके अलावा उनके पास 97,425 रुपए मूल्य की एक बाइक है। विकास के पास 3.3 हेक्टेयर कृषि जमीन (33.50 लाख रुपए), 2 गोनेर रोड, एक आगरा रोड, एक खेड़ापति बालाजी के पास प्लॉट्स, जयपुर के सबसे पॉश इलाके वैशाली नगर में बने कुबेर कॉम्प्लेक्स में 3 (97-97 वर्गफीट की) 31-31 लाख कीमत की दुकानें, रामचंद्रपुरा इंडस्ट्रीयल एरिया में 1.50 करोड़ रुपए कीमत का 22,034 वर्गफीट का प्लॉट भी है।

ग्रामीण महिलाओं की समस्या जानने पहुंचीं रूपाली नागर।

ग्रामीण महिलाओं की समस्या जानने पहुंचीं रूपाली नागर।

विकास की पत्नी रूपाली भी चुनाव मैदान में
विकास की पत्नी और मौजमाबाद पंचायत समिति के वार्ड-13 से उम्मीदवार रूपाली के पास प्लॉट या कोई अचल संपत्ति नहीं है, लेकिन वह एक BMW एक्सवन मॉडल कार की मालकिन हैं। इसके अलावा रूपाली के पास 85 हजार नकदी, 78 हजार रुपए बैंक में, 54 हजार की पॉलिसी और 23.25 लाख रुपए के सोना-चांदी के जेवरात हैं।

एक करोड़ का कर्ज है विकास पर, पिता को देने हैं 32.50 लाख रुपए
संपत्तियों के अलावा अगर देनदारियां देखें तो विकास पर एक करोड़ रुपए से ज्यादा का कर्ज है। इसमें 32.50 लाख रुपए तो उन्हें अपने पिता बाबूलाल नागर को और 2.28 लाख रुपए अपनी मां सुनीता नागर को देने हैं। इसके अलावा 10 अन्य व्यक्तियों और एक फाइनेंस कंपनी को शेष रकम देनी है।

2.71 करोड़ की संपत्ति की मालकिन लीला के पास है 2001 मॉडल की होंडा सिटी
लीला मदेरणा जोधपुर जिला प्रमुख वार्ड-28 से कांग्रेस के टिकट से चुनाव लड़ रही हैं। लीला 2.71 करोड़ रुपए की संपत्ति की मालकिन हैं। इनके पास खुद की 2001 मॉडल की होंडा सिटी कार है। उनके पास बैंक, नकदी और अन्य बचत योजनाओं, 24 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात समेत 1.07 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। इसके अलावा 1.32 करोड़ रुपए मूल्य की अचल संपत्तियां हैं। जयपुर, जोधपुर में एग्रीकल्चर लैंड, जयपुर जोधपुर में 4 आवासीय प्लॉट्स, जयपुर-दिल्ली में दो फ्लैट्स सहित अन्य अचल संपत्तियां हैं। लीला मदेरणा के ऊपर करीब 35.85 लाख रुपए की देनदारियां भी हैं। इसमें पति महिपाल मदेरणा से उन्होंने 13.50 लाख रुपए का कर्ज ले रखा है। इसके अलावा 11.36 लाख रुपए हाउसिंग लोन के अलावा अन्य लोगों को बकाया चुकाना है।

महिपाल के पास है 3.41 करोड़ की संपत्ति, पत्नी से ले रखा है 27.22 लाख का कर्ज
लीला मदेरणा से ज्यादा संपत्ति उनके पति महिपाल मदेरणा के पास है। महिपाल के पास जयपुर, जोधपुर और पाली में बैंकों व निवेश एजेंसियों में करीब 1 करोड़ रुपए की राशि जमा है। इसके अलावा 2.50 लाख रुपए मूल्य की दो कार और एक जीप है। जोधपुर, पाली में करीब 22 हेक्टेयर एग्रीकल्चर जमीन है। साथ ही भिवाड़ी व जोधपुर में तीन आवासीय भूखण्ड समेत कुल 1.64 करोड़ रुपए मूल्य की अचल संपत्तियां हैं। हालांकि, बड़ी बात ये है कि महिपाल मदेरणा के ऊपर 27.22 लाख रुपए की देनदारी है, ये राशि उन्होंने अपनी पत्नी लीला से उधार ली है। हालांकि, महिपाल ने अपनी बेटी दिव्या मदेरणा को 36 लाख रुपए उधार भी दे रखे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *