दुबई
IPL 2021 के बाकी बचे 31 मैच UAE में 19 सितंबर से खेले जाएंगे। इससे पहले महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ट्रेनिंग के लिए दुबई पहुंच चुकी है। क्वारैंटाइन के बाद टीम के खिलाड़ियों ने मैदान पर ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा लिया। इस दौरान धोनी ने 5 लंबे-लंबे छक्के लगाए। जिससे बॉल मैदान के बाहर झाड़ियों में जाकर गिरी। इसके बाद धोनी ने टीम के बाकी खिलाड़ियों और स्टाफ के साथ मिलकर बॉल ढूंढी। इससे पता चलता है कि धोनी जबर्दस्त फॉर्म में हैं।
CSK ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया वीडियो
दरअसल, इस ट्रेनिंग सेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो को CSK ने मंगलवार को पोस्ट किया। वीडियो में धोनी 5 लंबे-लंबे सिक्स लगाते दिख रहे हैं। वीडियो में धोनी ये बोलते हुए भी सुनाई देते हैं कि मैं 4 बॉल बोलकर 14 बॉल खेल गया। धोनी के शॉट्स को देखकर लगता है कि यह पूर्व भारतीय कप्तान फिलहाल शानदार फॉर्म में है। फैंस को उनसे IPL में ऐसे ही शॉट्स की उम्मीद है।
धोनी ने अगस्त 2020 में संन्यास लिया था
धोनी ने 15 अगस्त 2020 को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उन्होंने अपने 15 साल के इंटरनेशनल करियर में कई उपलब्धियां हासिल कीं। धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने ICC चैंपियंस ट्रॉफी, ICC वनडे वर्ल्ड कप 2011 और ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2007 पर कब्जा किया। यही नहीं उनके नेतृत्व में CSK टीम 3 बार (2010, 2011 और 2018) IPL चैंपियन भी बन चुकी है।
UAE में होंगे IPL के बाकी बचे मैच
IPL 2021 को कोरोना के मामले सामने आने के बाद 4 मई को सस्पेंड कर दिया गया था। तब तक लीग में 29 मैच हुए थे। अब भी इसके 31 मैच खेले जाने हैं। IPL गवर्निंग काउंसिल और BCCI बाकी मैचों को UAE में कराने जा रहा है। ये मैच UAE के 3 स्टेडियम में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत 19 सितंबर से होगी और 15 अक्टूबर को फाइनल खेला जाएगा।
लीग में फिलहाल दिल्ली कैपिटल्स की टीम टॉप पर है। वहीं CSK दूसरे नंबर और विराट कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु तीसरे नंबर पर है। धोनी की टीम पिछले साल IPL के प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई थी। इस बार फैंस को धोनी और उनकी टीम से काफी उम्मीदें हैं।