Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पुलिस कस्टडी में चोरी के आरोपी की तबीयत बिगड़ी, मौत:देर रात हॉस्पिटल लेकर आए, बेटा बोला: पुलिस के साथ मिलकर झूठे आरोप में फंसाया, पिता के साथ मारपीट की, जिसके बाद  बिगड़ी तबीयत, परिजन बैठे धरने पर

सोजत (पाली)

चोरी के आरोप में सोजत थाने में बंद आरोपी की बुधवार देर रात को अचानक से तबीयत बिगड़ गई। उसे स्थानीय अस्पताल लाया गया, यहां इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोपी की मौत के बाद गुरुवार सुबह परिजन एसडीएम ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गए। बेटे का आरोप है कि उसके पिता को पुलिस के साथ मिलकर झूठे आरोप में फंसाया गया। बेटे ने एक स्क्रैप व्यवसायी और उसके साथियों पर आरोप लगाया कि उसके पिता के साथ मारपीट की गई थी। जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दिया गया है। वहीं पुलिस का दावा है कि देर रात उसे घबराहट होने लगी। इस पर तुरंत ही उसे हॉस्पिटल ले गए। यहां इलाज भी शुरू कर दिया था लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।

मृतक का बेटा सिकंदर जिसने छह-सात जनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दी।

मृतक का बेटा सिकंदर जिसने छह-सात जनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दी।

जानकारी के अनुसार राजेश सांखला के स्क्रैप के गोदाम से स्क्रैप चोरी होने का मामला दर्ज कराया था। पुलिस जांच में सोजत के मालियों का बड़ा बास निवासी 67 वर्षीय रहमत खा पुत्र इस्माइल खान व अजमेर के मदार निवासी ओमप्रकाश पुत्र छोटेलाल राजपूत को हिरासत में लिया गयाl पुलिस ने बताया कि इन्होंने 22 अगस्त को स्क्रैप के गोदाम से चोरी करना स्वीकार किया। जिस पर दोनों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी का माल बरामद कर घटना में जीप को भी बरामद कर लियाl आरोपी की कोविड रिपोर्ट आनी थी, इसलिए उसे पुलिस कस्टडी में ही रखा गया था। इस दौरान बुधवार रात अचानक से तबीयत बिगड़ गई।

सोजत अस्पताल में बुधवार देर रात को रहमत खान का उपचार करते डॉक्टर।

सोजत अस्पताल में बुधवार देर रात को रहमत खान का उपचार करते डॉक्टर।

बेटे ने जिसे आरोपी बताया, उसी ने दर्ज कराया था चोरी का मामला

सोजत थानाप्रभारी रविन्द्र खींची ने बताया कि 22 अगस्त की रात 11:30 बजे राजेश सांखला ने चोरी का मुकदमा दर्ज कराया। 23 अगस्त को पुलिस ने रहमत खान को गिरफ्तार बताया। 24 अगस्त को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर सौंपा गया। 25 अगस्त को वापस न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश हुए। कोविड रिपोर्ट नहीं आने पर उसे पुलिस कस्टडी में रखा गया था।

मृतक 67 साल के रहमत खान। जिसे पुलिस ने कुछ दिनों पहले गिरफ्तार किया था।

मृतक 67 साल के रहमत खान। जिसे पुलिस ने कुछ दिनों पहले गिरफ्तार किया था।

बेटे का आरोप: पुलिस की मिलीभगत से झूठा मामला दर्ज करवाया

सोजत के मालियों का बड़ा बास निवासी मृतक के बेटे सिकन्दर का आरोप है कि पुलिस मिलीभगत से झूठा मामला दर्ज किया गया। पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसके पिता भी स्क्रेप का काम करते हैं। 22 अगस्त की रात 8 से 8.30 बजे के बीच मेरे राजेश सांखला व उसके साथी पिता को गोदाम ले गए और वहां मारपीट की। इसके बाद आईओसी कॉलोनी स्थित मेरे चाचा आमीन खान के घर भी ले जाकर पिटाई की। रिपोर्ट में बताया कि रात करीब 9:30 बजे सोजत थाने से एएसआई वेदपाल मौके पर पहुंचे और पिता को राजेश सांखला के गोदाम ले गए। रिपोर्ट में आरोप लगाया कि राजेश सांखला ने किसी पुलिसकर्मी के साथ मिलीभगत कर उसके पिता के खिलाफ झूठा मामला दर्ज करवाया। मारपीट के दौरान चोट लगी थी और सीने से खून भी बह रहा था। इसके बाद भी समय पर इलाज नहीं कराया गया और मौत हो गई।

बुधवार रात को अस्पताल में उपचार के बाद रहमत खान पानी पीते हुए। बाद में मौत हो गई।

बुधवार रात को अस्पताल में उपचार के बाद रहमत खान पानी पीते हुए। बाद में मौत हो गई।

पुलिस का दावा: इलाज के लिए ले गए अस्पताल, वीडियो भी

सोजत डिप्टी हेमंत जाखड़ ने बताया कि रहमत खान को बुधवार की रात जी मचलने व घबराहट की शिकायत होने लगी। इस पर उसे तुरंत ही सोजत अस्पताल ले जाया गया। रात 11:40 पर अस्पताल की पर्ची बनवा ली थी। अस्पताल परिसर में रहमत खान खुद चलकर गया। डिप्टी का कहना है कि इसके हमारे पास वीडियो भी है। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने रहमत खान का उपचार भी किया लेकिन अचानक से रहमत खान की तबीयत बिगड़ने लग गई और रात 12 बजकर 25 मिनट पर मौत हो गई।

सोजत अस्पताल में पड़ा मृतक रहमत खान का शव।

सोजत अस्पताल में पड़ा मृतक रहमत खान का शव।

एसडीएम ऑफिस के बाहर बैठे धरने पर

परिजनों को मौत की सूचना मिलते ही वे रात में अस्पताल पहुंचे। सुबह आरोपियों की गिरफ्तारी करने की मांग को लेकर एसडीएम ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गए। मृतक के बेटे सिकन्दर ने राजेश सांखला, सोहनलाल सहित पांच-छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। घटना के बाद शहर में जगह-जगह पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *