नई दिल्ली
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को नई ड्रोन पॉलिसी का ऐलान किया। इसके तहत सरकार ने ड्रोन के इस्तेमाल के नियमों में ढील दी है। अब ड्रोन ऑपरेट के लिए किसी भी रजिस्ट्रेशन या लाइसेंस जारी करने से पहले सुरक्षा मंजूरी की जरूरत नहीं होगी। ड्रोन उड़ाने के लिए फीस भी कम कर दी गई है। सिंधिया ने कहा कि आज केंद्र सरकार प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नई ड्रोन पॉलिसी की घोषणा कर रही है। ये पॉलिसी एक इतिहास रचेगी। हमारी सोच है एक इकोसिस्टम भारत में बने, जिसके आधार पर एक क्रांति भारत में आए।
उन्होंने कहा कि इस क्रांति के 3 भाग हैं। पहला- व्यापार करने में आसानी हो, दूसरा- सारे गैरजरूरी मंजूरियों को खत्म करना और तीसरा कारोबार में एंट्री की रुकावटों को हटाना। देश की सुरक्षा के मद्देनजर हमने 6 नियम बनाए हैं। इसमें ड्रोन का साइज जो भी हो उसे रजिस्टर करना जरूरी है। सभी ड्रोन मालिकों को आधार और पासपोर्ट डिटेल देनी होगी। हमारी सुरक्षा एजेंसियों को डिजिटल स्काई प्लेटफार्म का डायरेक्ट एक्सेस दिया जाएगा।
DGCA की संस्था किसी भी ड्रोन का निरीक्षण कर सकती है। अगर किसी राज्य को लगे कि सीमित समय के लिए किसी क्षेत्र को रेड जोन में बदलना है, जहां बिना इजाजत फ्लाइंग पर रोक है, तो राज्य उस क्षेत्र को 48 घंटे के लिए रेड जोन में बदल सकता है। पढ़िए पूरी खबर…
आज की अन्य बड़ी खबरें…
दिल्ली में मिला यूनिटेक का सीक्रेट अंडरग्राउंड ऑफिस
सुप्रीम कोर्ट ने यूनिटेक के पूर्व डायरेक्टर्स संजय चंद्रा और अजय चंद्रा को दिल्ली की तिहाड़ जेल से मुंबई के आर्थर रोड और तलोजा जेल में ट्रांसफर करने का आदेश दिया। यह आदेश ED की उस रिपोर्ट के बाद आया है, जिसमें कहा गया है कि उसे एक सीक्रेट अंडरग्राउंड ऑफिस का पता चला है। इस ऑफिस को यूनिटेक के संस्थापक रमेश चंद्रा चला रहे थे और पैरोल या जमानत के दौरान उनके बेटे संजय चंद्रा और अजय चंद्रा वहां गए थे।
दरअसल, ED ने स्टेटस रिपोर्ट में कहा था कि जेल से गैर कानूनी गतिविधियां चलाई गईं। गवाहों को प्रभावित करने की कोशिश हुई। इनके खिलाफ कंपनी की गुरुग्राम स्थित परियोजनाओं के 158 खरीदारों ने आपराधिक मुकदमा दर्ज कराया है। साथ ही आयकर विभाग ने कंपनी पर 950 करोड़ रुपए का टैक्स बकाया होने के चलते खुद को मामले में एक पार्टी बनाए जाने की अपील सुप्रीम कोर्ट से की है।
राहुल गांधी बोले- खुद रखें अपना ख्याल, सरकार बेचने में व्यस्त

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश में कोरोना महामारी के मामलों में हो रही बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि कोविड-19 के मामलों में वृद्धि चिंताजनक है। वैक्सीनेशन को गति दी जानी चाहिए, ताकि अगली लहर में महामारी के गंभीर प्रभाव से बचा जा सके। कृपया अपना ध्यान रखें, क्योंकि भारत सरकार ‘बेचने’ में व्यस्त है।
BJP नेता नाजिया इलाही खान धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार
BJP नेता नाजिया इलाही खान को धोखाधड़ी और खुद को वकील के रूप में पेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। नाजिया पश्चिम बंगाल भाजपा के लॉ सेल की सदस्य थीं और कई हाई प्रोफाइल बीजेपी नेताओं की करीबी रही हैं। उन्हें बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष के साथ भी देखा गया है। आरोप है कि उन्होंने कुछ मामलों में वकालत करने के लिए पैसे लिए थे, लेकिन काम नहीं किया।
बंगाल चुनावी हिंसा में मारे गए BJP कार्यकर्ता के घर पहुंची CBI
बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा में मारे गए भाजपा कार्यकर्ता अभिजीत सरकार के घर जांच के लिए पहुंची। उनके साथ कोलकाता पुलिस के जासूसी विभाग की होमीसाइड ब्रांच भी थी। लेकिन, अभिजीत के बड़े भाई बिस्वजीत सरकार ने कोलकाता पुलिस को उनके घर में घुसने से रोक दिया। साथ ही उन्होंने पुलिस के खिलाफ आरोप भी लगाए। अभिजीत सरकार की इसी साल बंगाल चुनाव के नतीजों के बाद 2 मई को बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।
CID ने कोलकाता एयरपोर्ट पर पकड़ा दुर्लभ रेडियो एक्टिव मेटल, 2 गिरफ्तार
CID ने कोलकाता एयरपोर्ट 4,250 करोड़ रुपए मूल्य रेडियोएक्टिव मेटल कैलिफोर्नियम जब्त किए हैं। साथ ही दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान शैलेन कर्मकार ( 41 साल) और असित घोष (49 साल) के तौर पर हुई है। दोनों हुगली के रहने वाले हैं। CID को उनके पास से राख के रंग के पत्थरों के चार टुकड़े मिले, जिनका वजन लगभग 250.5 ग्राम था। जांच में पता चला कि यह कैलिफोर्नियम है। भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत 17 करोड़ रुपये प्रति ग्राम है।
UP में नाइट कर्फ्यू होगा सख्त
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर नाइट कर्फ्यू सख्त होगा। केरल और महाराष्ट्र में अचानक कोरोना केस बढ़ने से UP की योगी सरकार अलर्ट हो गई है। गुरुवार को टीम-9 की बैठक में सीएम योगी ने कहा कि हर हाल में दुकानें और बाजार अपने समय पर बंद हो जाएं। कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जाए। पुलिस टीम समय से पहले चेतावनी जारी करने के लिए बाजारों में हूटर बजाते हुए निकले, ताकि दुकानें 10 बजे तक बंद हो जाएं। बता दें कि यूपी में अभी 4.7 फीसदी लोग वैक्सीनेटेड हो सके हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…
राजनीतिक लाभ के लिए कोरोना का इस्तेमाल कर रही केरल सरकार, केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन का आरोप
केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन ने गुरुवार को केरल सरकार पर राजनीतिक लाभ के लिए कोरोना वायरस महामारी का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने पिनाराई विजयन के नेतृत्व वाली LDF सरकार से ICMR की ओर से जारी दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की। केरल की स्थिति को गंभीर बताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य संक्रमण को रोकने के लिए वैज्ञानिक तरीकों का उपयोग करने के बजाय, राजनीतिक लाभ के लिए इसका इस्तेमाल करने की कोशिश कर रही है।
TMC सांसद और एक्ट्रेस नुसरत जहां ने बेटे को जन्म दिया

TMC सांसद और एक्ट्रेस नुसरत जहां के घर एक नन्हे मेहमान ने दस्तक दी है। उन्होंने बेटे को जन्म दिया है। उनके बच्चे की डिलीवरी पार्क स्ट्रीट स्ट्रीट स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में हुई। कुछ समय पहले उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर आई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, यश दासगुप्ता उनको अस्पताल लेकर आए थे। नुसरत, यश के साथ रिलेशनशिप में हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…
गुजरात हाईकोर्ट ने लव-जिहाद एक्ट-5 से रोक हटाने की मांग खारिज की
गुजरात हाईकोर्ट ने पिछले हफ्ते राज्य के लव जिहाद एक्ट की अहम धाराओं (3,4,5 और 6) पर रोक लगा दी थी। इसी स्टे को हटाने के लिए आज फिर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। इसमें कोर्ट ने धारा 5 पर लगी रोक को हटाने के लिए सरकारी वकील द्वारा दायर याचिका को खारिज कर दिया। सॉलिसिटर जनरल ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, जिसमें कहा गया था कि नियमानुसार धर्मांतरण के लिए कलेक्टर की इजाजत की जरूरत है। सरकार की इस मांग का याचिकाकर्ता ने विरोध किया था। पूरी खबर यहां पढ़ें…
गुड बुक में शामिल होने के लिए रूलिंग पार्टी का पक्ष लेते हैं अफसर: सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को कहा कि यह परेशान करने वाला ट्रेंड देखने को मिल रहा है कि पुलिस ऑफिसर रूलिंग पार्टी का पक्ष ले रहे हैं। मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना की अगुवाई वाली बेंच ने कहा कि ऐसे ऑफिसर्स जो सत्ताधारी दल की गुड बुक्स में शामिल होना चाहते हैं, वो अपनी पॉवर का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। साथ ही राजनीतिक विरोधियों को परेशान किया जा रहा है। वहीं, बाद में जब विरोधी सत्ता में आते हैं तो पुलिस अफसरों पर कार्यवाही करते हैं। कोर्ट ने छत्तीसगढ़ के सस्पेंडेड एडिशनल डायरेक्टर जनरल गुरजिंदर पाल सिंह की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह टिप्पणी की। अदालत ने आदेश दिया कि पुलिस उन्हें चार हफ्ते तक राजद्रोह और आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार नहीं करेगी।
विशाखापट्टनम के केमिकल फैक्ट्री में बॉयलर फटा
तमिलनाडु के विशाखापत्तनम में गुरुवार को एडमिरन लाइफ साइंसेज प्राइवेट लिमिटेड के बॉयलर से जहरीला केमिकल लीक हुआ। इसके तुरंत बाद कर्मचारियों को यहां से बाहर निकाला गया। टेक्नीकल टीम मौके पर पहुंची और लीकेज पर काबू पा लिया। इस दौरान किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
नारायण राणे की तबीयत बिगड़ी, मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती
केंद्रीय मंत्री नारायण राणे की तबीयत खराब हो गई है। उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर बयानबाजी के मामले को लेकर राणे कुछ दिनों से सुर्खियों में हैं। बुधवार को कोर्ट ने कहा कि उनके खिलाफ नासिक में दर्ज FIR पर 17 सितंबर तक कार्रवाई न की जाए। इसके साथ ही पुणे में दर्ज केस की सुनवाई भी टाल दी गई।
बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा के मामले में CBI ने 9 केस दर्ज किए
पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा के मामले में CBI ने 9 केस दर्ज किए हैं। साथ ही एजेंसी की चारों यूनिट्स की टीमों ने कोलकाता के पास घटनास्थलों पर दौरा किया और पीड़ितों से बातचीत भी की। 2 मई को राज्य में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले सामने आए थे। NHRC की कमेटी की 13 जुलाई को आई रिपोर्ट के बाद कलकत्ता उच्च न्यायालय की पांच न्यायाधीशों की बेंच ने मामले में CBI जांच का आदेश दिया था।