Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

नारायण राणे का उद्धव सरकार पर निशाना- सुशांत और दिशा सालियान की हत्या हुई, अपराधी खुलेआम घूम रहे; मैंने कुछ गलत नहीं किया फिर भी अरेस्ट कर लिया

नई दिल्ली

केंद्रीय मंत्री नारायण ने शुक्रवार को महाराष्ट्र की उद्धव सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है। वे (शिवसेना) सत्ता में हैं, इसलिए उन्होंने मुझे गिरफ्तार करवाया। महाराष्ट्र कोरोना में नंबर 1 है। कोविड के दौरान उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। सुशांत सिंह राजपूत की हत्या कर दी गई। दिशा सालियान का रेप कर मर्डर हुआ, अपराधी फिर भी खुलेआम घूम रहे हैं।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

दिल्ली में 1 सितंबर से स्कूल खुलेंगे
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चरणबद्ध तरीके से स्कूल खोले जाएंगे। कक्षा 9वीं से 12वीं की क्लास 1 सितंबर से शुरू होंगी। छठी से आठवीं तक की कक्षाएं 8 सितंबर से चलेंगी। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की ओर से गठित एक्सपर्ट्स की कमेटी ने राष्ट्रीय राजधानी में स्कूलों को चरणबद्ध तरीके से फिर से खोलने की सिफारिश की थी। बुधवार को सौंपी गई रिपोर्ट में सलाह दी गई कि पहले फेज में सीनियर क्लास के स्टूडेंट्स को बुलाया जाए और उसके बाद मिडिल क्लास के छात्रों की क्लास शुरू हो।

IPO के लिहाज से 2021 सबसे बड़ा साल, इस साल 1.4 लाख करोड़ रुपए जुटा सकती हैं कंपनियां
साल 2021 को शेयर बाजार में IPO का साल माना जा रहा है। इस साल IPO और इससे जुटाई जाने वाली रकम का रिकॉर्ड बन सकता है। 2021 में अब तक 38 कंपनियों ने IPO के जरिए 71,000 करोड़ रुपए जुटा लिए हैं। माना जा रहा है कि दिसंबर 2021 तक 40 से 45 IPO और आ सकते हैं। इससे पहले 2017 में बाजार में IPO की बहार आई थी। 2017 में 38 कंपनियों ने IPO के जरिए 75,279 करोड़ रुपए जुटाए थे।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की एंजियोप्लास्टी सफल
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की एंजियोप्लास्टी सफलतापूर्वक SMS अस्पताल में हो गई है। उनकी सेहत में अब सुधार है। मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी लोकेश शर्मा और प्रदेश के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने ट्वीट कर ऑपरेशन सफल रहने की जानकारी दी है। SMS मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. सुधीर भंडारी ने मुख्यमंत्री का हेल्थ बुलेटीन जारी किया। उन्होंने कहा कि CM की एंजियोप्लास्टी सफल रही है। अब उनकी जांचें नॉर्मल हैं।

बांग्लादेश की फ्लाइट की नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग
बिमान बांग्लादेश की एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट की शुक्रवार को नागपुर हवाई अड्डे पर मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। दरअसल, उड़ान के दौरान ही पायलट की तबीयत अचानक बिगड़ गई। विमान में 126 यात्री सवार थे।

देहरादून-ऋषिकेष हाईवे पर पुल गिरा, कई गाड़ियां भी धंस गईं

उत्तराखंड में शुक्रवार को बड़ा हादसा हुआ है। देहरादून-ऋषिकेष हाईवे पर रानीपोखरी इलाके में एक पुल गिर गया। इसकी तस्वीरें और वीडियो भी सामने आया है। इसमें दिखाई दे रहा है कि कई गाड़ियां भी पुल में धंस गई हैं और घबराए हुए लोग बचने की कोशिश कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, यह पुल एक साल पहले ही बनाया गया था, जो कि पहली ही बारिश में टूट गया।

कजाकिस्तान के आर्म्स डिपो में धमाका, 9 की मौत
कजाकिस्तान के आर्म्स डिपो में हुए धमाकों में 9 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हैं। धमाके के बाद आसपास के इलाकों को खाली करा लिया गया। साथ ही लोगों को दूसरे स्थानों पर पहुंचाया गया। उप रक्षामंत्री रुसलान श्पेकबायेव ने कहा कि धमाकों के बाद वहां पर रखे विस्फोटकों से भरे केंद्र पर आग लग गई। कई लोग आग की लपटों से सुलझ गए। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

UP में पॉलिटेक्निक एग्जाम का पेपर लीक
लखनऊ से बड़ी खबर आ रही है। यहां पॉलिटेक्निक सेमेस्टर एग्जाम का पेपर लीक हो गया है। परीक्षा शुरू होने से पहले ही प्रश्न पत्र और उसका जवाब भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार सुबह 11 से दोपहर 12:30 बजे तक मैकेनिकल इंजीनियरिंग ब्रांच के छात्रों का इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग का ऑनलाइन पेपर था। इससे पहले ही पूरा पेपर जवाबों के साथ सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। मामले में प्राविधिक शिक्षा के सचिव से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका नंबर ऑफ मिला।

शिवराज का कमलनाथ पर पलटवार; कहा- कर्मचारियों को धमका रहे हैं, देख लूंगा

मध्य प्रदेश में एक बार फिर अफसरों और कर्मचारियों को धमकाने के मामले पर सियासत शुरू हो गई है। इस बार पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बयान पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हुआ है। एक दिन पहले कमलनाथ द्वारा अफसरों को दी गई चेतावनी पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया है। शिवराज ने कहा कि 15 महीने सरकार थी, तब क्या कर रहे थे, जो अब कर्मचारियों को धमका रहे हैं। देख लूंगा, मिटा दूंगा और जांच करवा दूंगा। यह धमकाने वाला अंदाज अलोकतांत्रिक है। प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारी कर्तव्यनिष्ठ हैं।

कमाई के लिए हो जाएं तैयार, 1 सितंबर से खुलेगा एमी ऑर्गेनिक्स का IPO
1 सितंबर को स्पेशिएलिटी केमिकल बनाने वाली कंपनी एमी ऑर्गेनिक्स का IPO खुल रहा है। जिसके लिए कंपनी ने प्राइस बैंड तय कर दिया है। कंपनी ने इश्यू का प्राइस बैंड 603-610 रुपए प्रति शेयर तय किया है। अपर प्राइस बैंड के लिहाज से कंपनी ने अपने IPO के जरिए 570 करोड़ रुपए जुटाने की योजना बनाई है। यह IPO 3 सितंबर को बंद होगा।

सिद्धू के सलाहकार मालविंदर सिंह का इस्तीफा
पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकार मालविंदर सिंह माली ने इस्तीफा दे दिया है। माली ने अपनी जान को खतरा बताया है। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें कुछ होता है तो राज्य के CM कैप्टन अमरिंदर सिंह जिम्मेदार होंगे। मालविंदर अपनी हालिया विवादास्पद टिप्पणियों को लेकर विपक्ष और पार्टी के निशाने पर थे। कई मंत्रियों और विधायकों ने सिद्धू के सलाहकार की कथित राष्ट्र विरोधी और पाकिस्तान समर्थक टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

असम में 7 ट्रकों में आगजनी, 5 ड्राइवर जिंदा जले

असम के दीमा हसाओ जिले में दीयुंगबरा के पास अज्ञात लोगों ने सात ट्रकों में आग लगा दी। इससे पांच ट्रक ड्राइवरों की जलकर मौत हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक, आगजनी से पहले उन्होंने कई राउंड फायरिंग भी की। पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस और असम राइफल्स यूनिट तलाशी अभियान चला रही है। यह घटना राजधानी गुवाहाटी से करीब 200 किलोमीटर की दूरी पर हुई।

पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत आज हाईकमान को रिपोर्ट सौंपेंगे
पंजाब कांग्रेस इंचार्ज हरीश रावत शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान से मिलेंगे और अपनी रिपोर्ट सौपेंगे। जिसमें पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ बगावत बड़ा मुद्दा रहेगा। साथ ही पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकारों की देश विरोधी बयानबाजी की भी हाईकमान से चर्चा होगी। वहीं कांग्रेस हाईकमान से मुलाकात से पहले हरीश रावत ने कहा कि जब कोई चीज बहुचर्चित हो जाती है तो हाईकमान को बताना जरूरी हो जाता है। 

असम और पश्चिम बंगाल में शनिवार से 2 विस्टाडोम ट्रेनें चलेंगी
भारतीय रेलवे शनिवार से असम और पश्चिम बंगाल में 2 विस्टाडोम ट्रेन सेवाएं शुरू करने जा रही है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के अनुसार, विस्टाडोम पर्यटक विशेष ट्रेनें असम में गुवाहाटी-न्यू हाफलोंग और उत्तर बंगाल में न्यू जलपाईगुड़ी-अलीपुरद्वार जंक्शन के बीच चलेंगी। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि न्यू जलपाईगुड़ी-अलीपुरद्वार ट्रेन में एक विस्टाडोम कोच, दो AC चेयर कार और दो नॉन-एसी चेयर कार के अलावा एक लगेज कार और एक पावर कोच होगा। यह हफ्ते में तीन दिन (शुक्रवार, शनिवार और रविवार) को चलेगी।

बच्चोें के मेंटरशिप प्रोग्राम के लिए दिल्ली सरकार का ब्रांड एंबेसडर बने सोनू सूद

बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद को शुक्रवार को बच्चों के लिए मेंटरशिप प्रोग्राम के लिए दिल्ली सरकार का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया। सूद की मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात के बाद यह घोषणा की गई। वह पिछले साल लॉकडाउन के दौरान प्रवासी मजदूरों की मदद करने को लेकर सुर्खियों में आए। इस मौके पर केजरीवाल ने कहा कि हम अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालने के लिए सोनू सूद के आभारी हैं। वह पूरे देश के लिए एक प्रेरणा हैं। हजारों लोग मदद के लिए उनके पास पहुंचते हैं। 

CM उद्धव ठाकरे ने OBC कोटा के मसले पर ऑल पार्टी मीटिंग बुलाई
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने स्थानीय निकायों में OBC कोटा के मुद्दे पर चर्चा के लिए आज सर्वदलीय बैठक बुलाई है। महाराष्ट्र भाजपा ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि जब तक OBC आरक्षण का मसला हल नहीं हो जाता, तब तक पार्टी राज्य सरकार को स्थानीय निकाय चुनाव नहीं कराने देगी। इस साल मार्च में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि राज्य में संबंधित स्थानीय निकायों में आरक्षण अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और OBC के लिए आरक्षित कुल सीटों के कुल 50% से ज्यादा नहीं हो सकता।

बलूचिस्तान में लैंडमाइन ब्लास्ट में 3 सुरक्षाकर्मियों की मौत
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बारूदी सुरंग विस्फोट में तीन सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं। साथ ही कई लोगों के घायल होने की भी खबर है। बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता लियाकत शाहवानी ने बताया कि प्रांत के जियारत जिले में सड़क किनारे लगाए गए बारूदी सुरंग में विस्फोट हुआ है। दरअसल, अर्धसैनिक बलों की गाड़ी की इस जगह से टकरा गई थी।

शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 55,722 और निफ्टी 16570 पर कर रहा कारोबार
हफ्ते के आखिरी दिन बाजार फ्लैट खुले। बाजार ने सितंबर सीरीज की फ्लैट शुरुआत की है। सेंसेक्स 55,862.93 अंक पर और निफ्टी 16,642.55 पर खुला। फिलहाल सेंसेक्स 250 अंक गिरकर 55,690 पर और निफ्टी 50 अंक गिरकर 16,589 पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 में से 14 शेयर्स में तेजी के साथ और 16 शेयर्स गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं, जिसमें HDFC और M&M के शेयर्स में 1% से ज्यादा की गिरावट है।

TV TRP Report: इंडियन आइडल 12 बना नंबर वन शो

BARC (ब्रॉडकास्ट एंड रिसर्च काउंसिल) की ओर से इस हफ्ते के टेलीविजन शोज का रिपोर्ट कार्ड जारी कर दिया गया है। रिपोर्ट में पिछले हफ्ते के मुकाबले कई बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल 12, जो पिछले कई हफ्तों से टॉप 3 में जगह बनाने का संघर्ष कर रहा था, वो इस हफ्ते सबसे ज्यादा TRP हासिल करते हुए टॉप शो बन चुका है। 

UP में आज मेगा कोरोना वैक्सीनेशन ड्राइव
उत्तर प्रदेश सरकार ने आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में मेगा वैक्सीनेशन ड्राइव का आयोजन किया है। 10 हजार केंद्रों पर करीब 30 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है। इसके लिए सभी केंद्रों पर ज्यादा से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाने का टारगेट दिया गया है। अगर आपने वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है तो भी आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप सीधे वैक्सीनेशन सेंटर पर जाकर वैक्सीन लगवा सकते हैं। हालांकि, अपने साथ आधार कार्ड ले जाना न भूलिएगा।

पूर्वी चंपारण में सीवर टैंक में दम घुटने से 4 की मौत

बिहार के पूर्वी चंपारण में छोटे भाई को बचाने में बड़े भाई समेत चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, निकाले गए बच्चे की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना कोटवा थाना क्षेत्र के अहिरौलिया गांव के कुम्हारटोली की है। गुरुवार की शाम दुखी पंडित के नव निर्मित शौचालय की टंकी में पड़ोसी गाजर पंड़ित का 6 वर्षीय पोता अमित उर्फ गुरदेल गिर गया। टंकी में करीब डेढ़ से 2 फीट पानी जमा था। घटना के बाद उसका बड़ा भाई नीरज बचाने के लिए अंदर घुसा। उसे नहीं निकलता देख एक-एक कर तीन अन्य भी घुस गए। जब कोई बाहर नहीं निकला। तब स्थानीय लोगों ने अंदर जाने से लोगों को रोक दिया। पूरी खबर यहां पढ़ें…

छत्तीसगढ़ के CM बदलेंगे या रहेंगे फैसला आज
छत्तीसगढ़ में ढाई साल बाद मुख्यमंत्री बदले जाएंगे या भूपेश बघेल इस पद पर कायम रहेंगे, इस बात का फैसला आज या आने वाले 2-3 दिन में होगा यह तय हो गया है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के 35 मंत्री-विधायक दिल्ली पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी सुबह दिल्ली जाएंगे। उनकी राहुल गांधी से मुलाकात तय है। सोनिया गांधी के साथ भी बैठक की संभावना जताई जा रही है। रायपुर हवाई अड्‌डे पहुंचे भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में हम लोग छत्तीसगढ़ की जनता की सेवा कर रहे हैं। सरकार अच्छा काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *