बॉलीवुड एक्टर, सिंगर, राइटर और प्रोड्यूसर फरहान अख्तर साल 2018 से वीजे और मॉडल शिबानी दांडेकर के साथ रिलेशन में हैं। कपल अकसर सोशल मीडिया पर खूबसूरत पोस्ट शेयर करते रहते हैं जिन्हें फैंस द्वारा खूब पसंद किया जाता है। आज शिबानी दांडेकर अपना 40वां जन्मदिन मना रही हैं। एक्टर ने गर्लफ्रेंड को बधाई देते हुए सोशल मीडिया पर रोमांटिक पोस्ट शेयर की है, वहीं दूसरी तरफ शिबानी ने भी बर्थडे पर एक्टर को रिटर्न गिफ्ट देते हुए उनके नाम का टैटू बनवाया है।
शिबानी ने हाल ही में अपनी गर्दन पर नया टैटू बनवाया है जिसमें फरहान अख्तर का अंग्रेजी में नाम लिखा हुआ है। इस नए टैटू को एक्ट्रेस ने जन्मदिन पर बनवाया है जिसकी तस्वीर भी उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर की है। फरहान के नाम के अलावा शिबानी ने अपने हाथ में भी नया टैटू बनवाया है।

फरहान ने दी जन्मदिन पर बधाई
फरहान अख्तर ने गर्लफ्रेंड को बधाई देते हुए उनके साथ एक खूबसूरत तस्वीर शेयर की है। इसके साथ एक्टर ने लिखा, मेरे पूरे दिल से, हैप्पी बर्थडे शू, लव यू। फरहान की पोस्ट पर ऋतिक रोशन, जोया अख्तर, अनुषा दांडेकर, अनिल कपूर जैसे कई सेलेब्स के कमेंट आ रहे हैं।
फरहान की पोस्ट पर उनकी मां शबाना आजमी ने भी शिबानी को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, सालगिरह मुबारक हो शिबानी, जीते रहो, खुश रहो। बहुत सारा प्यार।
फरहान-शिबानी की मुलाकात 2015 में शो ‘आई कैन डू दैट’ के दौरान हुई थी। फरहान उस शो को होस्ट करते थे और शिबानी भी उसी शो का हिस्सा थीं। शिबानी सलमान की फिल्म ‘सुल्तान’ में काम कर चुकी हैं। इसके साथ ही वो मॉडल और सिंगर भी हैं। वह मशहूर एमटीवी वीजे एक्ट्रेस और सिंगर अनुषा दांडेकर की बहन हैं। शिबानी के करियर की बात करें तो उन्होंने 2014 में आई मराठी फिल्म ‘टाइमपास’ में आइटम नंबर से शुरुआत की थी। इसके बाद 2015 में वो ‘रॉय’ और ‘शानदार’ जैसी फिल्मों में नजर आईं। उन्होंने ‘नाम शबाना’, ‘नूर’ और ‘भावेश जोशी’ जैसी फिल्मों में छोटे-मोटे रोल किए हैं।

शादी पर फरहान ने दिया रिएक्शन
बीते साल खबरें थीं कि फरहान अख्तर, शिबानी दांडेकर से शादी करने जा रहे हैं। लगातार आ रहीं खबरों को अफवाह करार देते हुए एक्टर ने कहा था कि वो अपने रिश्ते से खुश हैं, और उन्हें फिलहाल शादी करने की जरुरत नहीं है।