Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

राहुल गांधी की आज शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस:कोरोना वैक्सीनेशन, LPG सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साध सकते हैं कांग्रेस नेता

नई दिल्ली

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान वो कोरोना वैक्सीनेशन, LPG सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और डीजल-पेट्रोल के बढ़े दाम को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साध सकते हैं।

बीते 15 दिनों में ही गैर-सब्सिडी वाले LPG सिलेंडर 50 रुपए महंगा हुआ है। आज ही इसमें 25 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले पेट्रोलियम कंपनियों ने 18 अगस्त को गैस सिलेंडर की कीमतों में 25 रुपए का इजाफा किया था।

राहुल गांधी बोले- अन्याय के खिलाफ देश एकजुट हो रहा

राहुल गांधी ने इस मसले पर ट्वीट करके सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता को भूखे पेट सोने पर मजबूर करने वाला खुद मित्र-छाया में सो रहा है, लेकिन अन्याय के खिलाफ देश एकजुट हो रहा है।

पेट्रोल, डीजल और LPG की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस सरकार पर लगातार हमलावर रही है। पार्टी की मांग है कि सरकार कुछ करों को हटाकर इन उत्पादों के दाम कम करे। इससे पहले राहुल गांधी पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों के खिलाफ साइकिल चला कर संसद पहुंचे थे। महंगाई के खिलाफ विपक्ष कई बार सड़कों पर उतरकर विरोध प्रर्दशन भी कर चुका है। देश में बढ़ रही खुदरा महंगाई से आम जनता परेशान है।

केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्ष की एकजुटता
मानसून सत्र के दौरान राहुल ने मोदी सरकार के खिलाफ विपक्षी एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए 14 विपक्षी दलों के नेताओं को ब्रेकफास्ट मीटिंग पर बुलाया था। नाश्ते और बैठक के बाद राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने मंहगाई के खिलाफ संसद भवन तक मार्च निकाला था। इस दौरान विपक्ष की बैठक में सभी दलों ने विपक्षी एकता कायम करने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *