नई दिल्ली
दिल्ली हाईकोर्ट ने गुरुवार को कहा कि पुलिस एक ही घटना के लिए पांच FIR दर्ज नहीं कर सकती। कोर्ट ने दिल्ली दंगों के दौरान एक परिसर में लूटपाट और आगजनी के मामले की सुनवाई करते हुए यह टिप्पणी की। साथ ही अदालत ने इस केस में दर्ज 4 FIR को रद्द कर दिया। कोर्ट ने साफ कहा कि एक अपराध के लिए दूसरी प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकती और न ही इसकी नए सिरे से जांच हो सकती है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
पिंकी चौधरी को 17 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में
दिल्ली की एक अदालत ने हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी को 17 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। राष्ट्रीय राजधानी में जंतर मंतर के पास भड़काऊ नारेबाजी में मामले में कोर्ट ने यह फैसला सुनाया। चौधरी ने पिछले मंगलवार को दिल्ली के मंदिर मार्ग थाने में सरेंडर किया था। इस दौरान उनके सैकड़ों समर्थकों की भीड़ भी थाने के बाहर मौजूद थी। दिल्ली पुलिस को काफी समय से पिंकी चौधरी की तलाश थी।
फिरोजाबाद के बुखार प्रभावित 3 इलाकों से ग्राउंड रिपोर्ट
UP के फिरोजाबाद में जानलेवा बुखार फैला हुआ है। इसमें बच्चों से लेकर बड़ों तक की जान जा रही है। अब तक 58 लोगों की मौत हो चुकी है। बीते 12 घंटे के अंदर 6 और मौत हो गई। यह मौत बुधवार शाम 4 बजे से गुरुवार दोपहर 12 बजे तक हुई है। मरने वालों में 4 साल की बच्ची से लेकर 13 साल के बच्चे शामिल हैं।
ओवैसी बोले- अगर मस्जिद शहीद नहीं होती तो SC का फैसला कुछ और आता

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि तालिबान के बारे में मोदी सरकार की पोजिशन क्या है? वे आतंकवादी हैं या नहीं हैं? भारत अगर तालिबान को आतंकवादी मानता है तो क्या उनको UAPA की लिस्ट में शामिल करेगा? उन्होंने कहा कि हम ये ही बोलते रहेंगे कि वहां (अयोध्या) मस्जिद थी, जिसे 6 दिसंबर 1992 को BJP और संघ परिवार ने शहीद किया। अगर मस्जिद शहीद नहीं होती तो सुप्रीम कोर्ट का फैसला कुछ और आता।
कोरोना के C.1.2 वैरिएंट का खतरा
कोरोना वायरस के नए वैरिएंट C.1.2 के सामने आने के बाद मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए RT-PCR टेस्ट अनिवार्य कर दिया है। BMC ने एक सर्कुलर जारी कर कहा है कि 3 सितंबर से UK, यूरोप, मध्य पूर्व, दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील, बांग्लादेश, बोत्सवाना, चीन, मॉरीशस, न्यूजीलैंड, जिम्बाब्वे से मुंबई हवाई अड्डे पर पहुंचने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए RT-PCR टेस्ट अनिवार्य है। नया कोविड वेरिएंट C.1.2 पहली बार दक्षिण अफ्रीका में मिला था।
केरल में नाव पलटने से 4 मछुआरों की मौत
केरल के कोल्लम में नाव के पलटने से चार मछुआरों की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि नाव पर 16 लोग सवार थे। 12 लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि यह घटना अझीकल समुद्र तट से करीब एक समुद्री मील की दूरी पर सुबह हुई। हादसे के बाद मछली पकड़ने में इस्तेमाल होने वाली नौकाएं मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान चलाया।
बीजापुर में IED ब्लास्ट में CRPF का हेड कांस्टेबल घायल
छत्तीसगढ़ के बीजापुर के बसागुड़ा इलाके में एक IED विस्फोट में CRPF का एक हेड कांस्टेबल घायल हो गया। बस्तर के IG पी सुंदरराज ने बताया कि उनका इलाज चल रहा है।
हाईकमान से बिना मिले दिल्ली से लौटे नवजोत सिद्धू
पंजाब कांग्रेस में मची कलह थम ही नहीं रही है। पार्टी हाईकमान से मिलने गए कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू गुरुवार को बिना मुलाकात के ही दिल्ली से वापस लौट आए हैं। कहा जा रहा है कि सिद्धू ने कांग्रेस हाईकमान से मिलने के लिए वक्त मांगा था, लेकिन उन्हें मिलने का समय नहीं मिला। हालांकि उनके समर्थक इसे व्यक्तिगत दौरा भी बता रहे हैं।
PM मोदी 7 सितंबर को शिक्षा सम्मेलन को संबोधित करेंगे

स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग के अपर सचिव संतोष कुमार सारंगी ने बताया कि 5 सितंबर से 17 सितंबर तक शिक्षक पर्व का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान हम शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार देने की शुरुआत करेंगे। इस पर्व में 44 शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 सितंबर को शिक्षा सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में शिक्षक, माता-पिता और छात्र शामिल होंगे।
SC ने कहा- मीडिया का एक सेक्शन हर घटना को कम्युनल एंगल दे रहा
सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को मीडिया के एक सेक्शन में कम्युनल टोन में रिपोर्टिंग को लेकर कड़ी नाराजगी जाहिर की। कोर्ट ने कहा कि इस तरह की रिपोर्ट्स से देश का नाम खराब हो सकता है। कोर्ट ने पिछले साल दिल्ली में तबलीगी जमात की गैदरिंग को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए यह टिप्पणी की। चीफ जस्टिस NV रमना ने कहा कि समस्या यह है कि मीडिया का एक सेक्शन देश में हर एक घटना को कम्युनल एंगल से दिखा रहा है। आखिरकार इससे देश का नाम ही खराब होगा।
लगातार तीसरे दिन सस्ता हुआ सोना
सर्राफा बाजार में आज लगातार तीसरे दिन सोने की चमक कम हुई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के अनुसार, गुरुवार को सर्राफा बाजार में सोना 63 रुपए सस्ता होकर 47,224 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। हालांकि वायदा बाजार में आज सोने में बढ़त देखने को मिल रही है। MCX पर दोपहर 1 बजे सोना 44 रुपए की बढ़त के साथ 47,112 रुपए पर कारोबार कर रहा है।
एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला का हार्ट अटैक से निधन

एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला का निधन हो गया है। उनकी मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है। वह टीवी शो बिग बॉस-13 के विजेता थे। बालिका वधु से वह घर-घर में लोकप्रिय हो गए थे। वे 40 साल के थे। सिद्धार्थ की डेड बॉडी मुंबई के कूपर अस्पताल में रखी गई है। यहीं उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा। बताया जा रहा है कि वे रात में कुछ दवाइयां लेकर सोए थे, लेकिन यह सामने नहीं आया है कि उन्होंने कौन सी दवा ली थी। बताया जा रहा है कि बुधवार रात ही उन्होंने तबीयत खराब होने की शिकायत की थी। इसके बाद वे दवा खाकर जल्द सोने चले गए। सुबह उन्हें बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तालिबान पर बिहार में पॉलिटिकल तू-तू मैं-मैं
RJD के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बयान से नाराज BJP ने उन्हें मानसिक रूप से असंतुलित करार दिया है। भाजपा के राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने जगदानंद सिंह पर हमला बोलते हुए उन्हें ‘लालू प्रसाद की खड़ाऊं सरकार चलाने वाला’ कहा है। सुशील मोदी ने जगदानंद सिंह के उस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है, जिसमें उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को तालिबानी बताया था।
वरिष्ठ पत्रकार और पूर्व राज्यसभा सांसद चंदन मित्रा का निधन

वरिष्ठ पत्रकार और पूर्व राज्यसभा सांसद चंदन मित्रा का बीती रात दिल्ली में निधन हो गया। वे 66 साल के थे और लंबे समय से उनकी तबीयत खराब थी। उनके बेटे कुशन मित्रा ने उनके निधन की जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर चंदन मित्रा को श्रद्धांजलि दी।
CBI की जांच रिपोर्ट लीक करने के मामले में अनिल देशमुख के वकील गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख एक बार फिर विवादों में हैं। CBI की एक रिपोर्ट को लीक करने के आरोप में केंद्रीय जांच एजेंसी ने उनके वकील आनंद डागा को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले देर रात CBI ने अपने ही डिपार्टमेंट के सब इंसेक्टर अभिषेक तिवारी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तिवारी ने ही देशमुख के वकील को कथित जांच रिपोर्ट की कॉपी रिश्वत लेकर लीक की थी।
गिलानी की मौत पर इमरान खान की राजनीति

कश्मीर की राजनीतिक पार्टी ऑल पार्टी हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के चेयरमैन सैयद अली शाह गिलानी का बुधवार रात 91 साल की उम्र में निधन हो गया। उनकी मौत पर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने राजनीति शुरू कर दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्वीट करके गिलानी की मौत पर दुख जताया और पाकिस्तान में एक दिन का शोक भी घोषित किया है।