पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। एक युवक ने अपने पिता के साथ मिलकर पहले मां को पीट डाला। बाद में जब युवक का छोटा भाई घर आया तो भी उक्त युवक ने अपनी मां के साथ मारपीट की। उसे बचाने के लिए आए अपने छोटे भाई के साथ भी मारपीट की। मामला पल्लू पुलिस थाना क्षेत्र के गांव उदासर छोटा का है। इस संबंध में पल्लू थाना में एक युवक ने अपने भाई व पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। जानकारी के अनुसार हनुमान (21) पुत्र मनफूल नायक निवासी उदासर छोटा तहसील रावतसर ने अपनी माता रोशनी देवी (50) के साथ पल्लू पुलिस थाना पहुंच रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह अपने खेत में ढाणी बनाकर परिवार सहित रहता है। सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे वह किसी कार्यवश जैतपुर चला गया। घर में उसकी माता रोशनी, पिताजी, मनफूल व बड़ा भाई शंकर लाल खेत में थे। उसके जैतपुर जाने के बाद उसके पिताजी मनफूल व बड़े भाई शंकर लाल ने शराब पीकर उसकी माता रोशनी के साथ बुरी तरह लाठी व लात-घुसों से मारपीट की। इससे उसकी मां बुरी तरह घायल हो गई। जब वह शाम करीब 5 बजे अपने खेत में आया तो उसकी मां बुरी तरह घायल थी। उसकी मां ने रोते हुए आपबीती बताई। फिर उसकी मां ने कहा वह डॉक्टर को दिखाने के लिए गांव जा रही है। वह पशुओं को पानी पिला दे। तब ऐसा कहकर उसकी मां जब रास्ते-रास्ते गांव की और जाने लगी तो उसका भाई शंकरलाल रास्ते में घात लगाए बैठा था। जब उसकी मां उसके भाई शंकरलाल के पास पहुंची तो शंकरलाल ने उसकी मां पर लाठी से प्रहार कर दिया। इससे उसकी मां गिर गई व जोर-जोर चिल्लाने लगी। तब वह भागकर मौके पर पहुंचा और अपनी मां को छुड़ाने लगा तो उसके भाई ने उस पर भी लाठी से प्रहार किया। हाथ व पैर पर लाठी मारी। इससे वह घायल हो गया तथा शरीर से खून बहने लगा। इस घटना का वीडियो उसके पास फोन में उपलब्ध है। हनुमान नायक के अनुसार उसके पिताजी मनफूल व भाई शंकरलाल शराबी व बदमाश प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं जो आए दिन उनके साथ लड़ाई-झगड़ा करते रहते हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल बंशीलाल को सौंपी है।