जयपुर
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि प्रदेश के किसानों के लिए अलग से बिजली कंपनी बनाने पर तेजी से काम चल रहा है। सीएम गहलोत ने कहा कि प्रदेश के किसानों की आमदनी बढ़ाने और उन्हें मजबूत बनाने के लिए राज्य में पहली बार अलग से कृषि बजट ला रही है। सीएम गहलोत ने बुधवार को राजस्थान किसान आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष महादेव सिंह खंडेला के कार्य ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में पहली बार कृषि बजट को पटल पर रखने वाले हैं।
सीएम गहलोत ने केंद्र पर साधा निशाना
इस मौके पर सीएम ने कहा कि महादेव सिंह खंडेला के राजनीतिक अनुभव का फायदा किसानों को मिलेगा। किसानों की खुशहाली और समद्धि के लिए राज्य सरकार ने तीन वर्ष में एक से बढ़कर काम किए है। सीएम गहलोत ने कहा कि मोदी सरकार ने 2022 तक किसानों की आय डबल करने का वादा किया था। लेकिन मोदी सरकार दुगुनी आय करने बजाय किसानों पर जबरन 3 कृषि कानून थोपने की कोशिश की। लेकिन किसानों की एकजुटता की वजह से मोदी सरकार को 3 कृषि कानून वापस लेने पड़े। सीएम ने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों की आय दुगुनी करने के लिए कोई कदम नहीं उठाए। सीएम गहलोत ने कहा कि किसान आयोग सरकार को कृषि के क्षेत्र में नए सुधार करने की सलाह देगा। सीएम ने कहा कि उनकी सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर काम कर कर ही है। इस मौके पर कृषिमंत्री लालचंद कटारिया, मंत्री टीकाराम जूली, राजेंद्र सिंह गुढ़ा, और सभापति राजेंद्र पारीक भी मौजूद रहे।