मुंबई
पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर का मानना है कि अगर महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) 26 मार्च से शुरू हो रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में एक या दो मैच में नहीं खेलने का फैसला करते हैं, तो रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की कप्तानी संभाल सकते हैं। धोनी 2008 में लीग की स्थापना के बाद से सीएसके के कप्तान रहे हैं और यह उनका आखिरी आईपीएल हो सकता है। वह पहले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।
गावस्कर ने कहा, ”रविंद्र जडेजा पिछले कुछ साल में एक खिलाड़ी के रूप में जिस तरह से परिपक्व हुए हैं, जिस तरह से अपने खेल के बारे में उन्होंने तालमेल स्थापित किया है और जिस तरह से वह मैच की परिस्थितियों के अनुसार खेलते हैं, वह लाजवाब है।’ गावस्कर ने कहा, ‘अगर किसी मैच में एमएस धोनी आराम लेने का फैसला करते हैं और कप्तानी जडेजा को सौंपी जाती है तो मुझे आश्चर्य नहीं होगा।’
मौजूदा चैंपियन सीएसके शनिवार को यहां वानखेड़े स्टेडियम में पिछली बार के उपविजेता कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। गावस्कर ने इसके साथ ही कहा कि सीएसके के खिताब बचाने के अभियान में ऋतुराज गायकवाड़ की भूमिका अहम होगी।