नई दिल्ली
महेंद्र सिंह धोनी इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं और अब बस इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलते नजर आते हैं। आईपीएल 2023 के लिए धोनी ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। आईपीएल 2023 एक बार फिर अपने पुराने फॉर्मेट में खेला जाना है और इस बार सभी फ्रेंचाइजी टीमों को अपने होम ग्राउंड पर खेलने का मौका मिलेगा। दरअसल कोविड-19 के चलते आईपीएल को एक बार यूएई शिफ्ट करना पड़ा था और भारत में भी जब हुआ, तो गिने-चुने स्टेडियम पर ही सारे मैच खेले गए।
आईपीएल 2022 में धोनी ने कप्तानी छोड़ दी थी और रविंद्र जडेजा को उनकी जगह कप्तान बनाया गया था, लेकिन बीच सीजन में जडेजा ने कप्तानी छोड़ दी थी। इसके बाद धोनी को फिर से कप्तान बनाया गया था। माना जा रहा है आने वाले सीजन में धोनी ही टीम की कमान संभालेंगे और टीम का फ्यूचर लीडर तैयार करने में मदद करेंगे।