नई दिल्ली
रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के नए सीजन को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी इसमें खेलते हैं, जिन्होंने अपने-अपने देश के लिए क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। पिछले बार खेले गए इस टूर्नामेंट सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग जैसे खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था और इस बार भी इस टूर्नामेंट में भारत के तमाम क्रिकेटर खेलते नजर आएंगे।
बता दें कि रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज टूर्नामेंट पहले फरवरी-मार्च में खेला जाना था, लेकिन अब इस टूर्नामेंट की तारीखों को पीछे धकेल दिया गया है। घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने एएनआई को इस बात की पुष्टि की कि टूर्नामेंट चार स्थानों पर खेला जाएगा और आयोजक मई के अंतिम सप्ताह में टूर्नामेंट शुरू करना चाहते हैं। उसी समय आईपीएल 2022 का समापन भी हो जाएगा।
सूत्र ने कहा, “हां, टूर्नामेंट खेला जाएगा और इसे चार स्थानों पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें हैदराबाद, विशाखापट्टनम, लखनऊ और इंदौर शामिल है। हम टूर्नामेंट को फरवरी के आखिरी सप्ताह में शुरू करने की योजना बना रहे थे, लेकिन अब शेड्यूल में बदलाव किया गया है और टूर्नामेंट मई के आखिरी में शुरू होगा। रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज का फाइनल जून में खेला जाएगा और हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन से इसके लिए अनुमति भी मिल गई है।”