Sunday, May 17निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

TV चैनलों के खिलाफ सख्त सरकार, खराब भाषा और भड़काऊ कंटेट पर एडवाइजरी जारी

नई दिल्ली

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने शनिवार को टीवी चैनलों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें सरकार ने चैनलों से किसी भी तरह के उकसावे वाली सामग्री नहीं चलाने की सलाह दी है। साथ ही मंत्रालय ने रूस-यूक्रेन युद्ध, उत्तर-पश्चिम दिल्ली की घटनाओं की कवरेज और डिबेट की भाषा पर आपत्ति जाहिर की है। खास बात है कि 16 अप्रैल को दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में हिंसा हो गई थी। इसके एक हफ्ते बाद ही सरकार की तरफ से यह नोट जारी किया गया है। 

उत्तर-पश्चिम दिल्ली में हुई घटनाओं की कवरेज को लेकर सरकार ने कहा कि इसमें ‘उकसाने वाली हेडलाइन और हिंसा के वीडियो थे, जो समुदायों को बीच सांप्रदायिक नफरत बढ़ा सकते हैं और कानून-व्यवस्था और शांति भंग कर सकते हैं।’ यह जारी जांच की प्रक्रिया को असत्यापित सीसीटीवी फुटेज दिखाकर बधित कर रही हैं। इसके अलावा सरकार ने ‘मनगढ़ंत हेडलाइन्स’ और अधिकारियों की कार्रवाई को ‘सांप्रदायिक रंग’ दिए जाने का भी जिक्र किया है।

रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर मंत्रालय ने कहा, ‘चैनल गलत दावे कर रहे हैं और लगातार अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों/एक्टर्स का गलत हवाला दे रहे हैं, निंदनीय हेडलाइन/टैगलाइन का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसका खबर से कोई भी संबंध नहीं है।’ आगे कहा गया कि इन चैनलों के कई पत्रकार और न्यूज एंकर्स ने दर्शकों को भड़काने के इरादे से कई मनगढ़ंत और बढ़ा चढ़ाकर बयान दिए।