नई दिल्ली
कर्ज के बोझ से दबी टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन-आइडिया के सामने एक नया संकट आ गया है। दरअसल, मोबाइल टावर सर्विस देने वाली कंपनी इंडस टावर्स ने वोडाफोन-आइडिया को बकाया रकम चुकाने के लिए कहा है। इसके साथ ही बकाया नहीं चुकाने की स्थिति में सर्विस बंद करने की भी चेतावनी दे दी है। अगर ऐसा होता है तो वोडाफोन-आइडिया के ग्राहकों की सर्विस भी प्रभावित हो सकती है।
स्टॉक हुआ धड़ाम: वोडाफोन-आइडिया के नए संकट के बीच निवेशकों में डर का माहौल आ गया है। इस वजह से निवेशक लगातार शेयर बेच रहे हैं और गुरुवार के कारोबार में स्टॉक करीब 7 फीसदी टूटकर 8.40 रुपये के स्तर पर आ गया। वहीं, क्लोजिंग 8.47 रुपये पर हुई। मार्केट कैपिटल 27 हजार करोड़ रुपये है।
क्या मिली है चेतावनी: मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इंडस टावर्स ने नवंबर के बाद कारोबार जारी रखने के लिए बकाया रकम चुकाने और हर महीने समय पर भुगतान करने के लिए कहा है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के सूत्रों के मुताबिक भुगतान न करने की सूरत में नवंबर के बाद इंडस टावर्स, वोडाफोन आइडिया को सेवाएं देना बंद कर देगी।