Sunday, June 22निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

गैस सिलेंडर चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार, 35 सिलेंडर बरामद, आरोपितों से पूछताछ जारी

बठिंडा। थाना सिविल लाइन की पुलिस ने अलग अलग जगहों से गैस सिलेंडर चोरी कर उनको आगे बेचने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह लोग सिलेंडर की डिलिवरी देने के लिए जा रही गाड़ी का पीछा करते, जिसके बाद जब वह सिलेंडर देने के लिए घर जाता तो उसकी गाड़ी से सिलेंडर को चुरा लेते।
इस संबंध में थाना सिविल लाइन में प्रेसवार्ता के दौरान एसएचओ यादविंदर सिंह बराड़ ने बताया कि इलाके में बीते कुछ समय से गैस सिलेंडर चोरी होने की काफी वारदातें सामने आ रही थी। इसको लेकर पुलिस को कई बार शिकायत भी दर्ज करवाई है। लेकिन अब इन चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस ने ट्रैप लगाया।
जिसके आधार पर चार लोगों को काबू किया गया। इनके पास से चोरी के 35 सिलेंडर भी बरामद किए गए। जबकि पकड़े गए आरोपितों की पहचान बठिंडा के आदर्श नगर के जसपाल सिंह उर्फ साहिल, हजूरा कपूरा कालोनी के अजय कुमार उर्फ काकू, गांव जोगानंद के गुरसेवक सिंह उर्फ लखविंदर सिंह व नेशनल कालोनी के गुरदीप सिंह उर्फ काली के तौर पर हुई है।
पुलिस के अनुसार इन लोगों ने एक गिरोह बनाया हुआ था, जो सिलेंडर की डिलिवरी करने के लिए जा रही गाड़ी पर निगा रखते थे। वहीं पुलिस की ओर से पकड़े गए आरोपित जसपाल सिंह पर थाना कोतवाली व थर्मल में चोरी के अलग अलग तीन मामले दर्ज हैं। इसी प्रकार आरोपित अजय कुमार उर्फ काकू के खिलाफ थाना थर्मल में चोरी का एक केस दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपितों की रिमांड हासिल कर पूछताछ करेगी, ताकि पता लग सके कि इन्होंने पहले कितने सिलेंडर चोरी किए हैं।