Monday, December 8निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

मंदिर से भगवान की मूर्ति व कीमती सामान चोरी, श्रद्धालुओं में भारी रोष

खन्ना : साईं मंदिर में भगवान की मूर्ति समेत कीमती सामान चोरी कर लिया गया। इसे लेकर श्रद्धालुओं में रोष है। मीडिया से बातचीत करते हुए मोहित शर्मा ने बताया कि रात को साढ़े 10 बजे के करीब मंदिर बंद किया जाता है। सुबह करीब 4 बजे खोला जाता है। सुबह आकर देखा तो मंदिर में चोरी हुई थी। चोरों ने पहले खिड़की तोड़ी और फिर लोहे की जाली काटी जिसके बाद ईंट से शीशा तोड़कर मूर्ति चोरी कर ली। मंदिर से बर्तन भी चोरी किए गए।
मोहित ने कहा कि क्षेत्र में नशे के आदी युवक आम घूमते रहते हैं। आशंका है कि इन युवकों ने ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मूर्ति चोरी होने से श्रद्धालु माथा भी नहीं टेक पाए। उन्होंने कहा कि मूर्ति पीतल की बनी हुई थी। इसी कारण चोरों ने मूर्ति को चोरी किया। इससे धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंची है। पुलिस को सख्त एक्शन लेना चाहिए। एक अन्य श्रद्धालु ने कहा कि वे रोजाना माथा टेकने आता है। यहां अक्सर चिट्टा पीने वाले युवक आते हैं। पुलिस इन पर नकेल नहीं कसती। एस.एच.ओ. भिंदर सिंह ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। आसपास लगे कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।