Monday, March 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

यातायात नियमों की पालना से बचा सकते हैं अपना-दूसरों का जीवन

  • यातायात नियमों की पालना की दिलाई शपथ
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    टाउन के राष्ट्रीय शिशु शिक्षा सदन उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी गई। यातायात प्रभारी अनिल चिन्दा ने छात्र-छात्राओं को बताया कि यातायात नियम हमारे जीवन को सुरक्षित रखने के लिए बनाए गए हैं। यातायात के नियमों की पालना करने से हम अपना व दूसरों का कीमती जीवन को बचा सकते हैं। उन्होंने बताया कि भारत वर्ष में हो रही मृत्यु दर में सबसे ज्यादा मौतें सड़क हादसों में होती हैं। यातायात प्रभारी ने कहा कि जब कभी भी कोई हादसा होता है तो गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की तुरंत मदद कीजिए न कि उसकी वीडियो बनाएं या फोटो खिंचे। अगर उनके माता-पिता, भाई या अन्य सदस्य दुपहिया वाहन पर जा रहे हैं तो उन्हें हेलमेट लगाने के लिए कहें। इसी प्रकार चौपहिया वाहन पर जा रहे हैं तो सीट बेल्ट लगाएं। शराब पीकर वाहन न चलाने दें। उन्होंने बताया कि सरकार ने जीवन रक्षक योजना चलाई है। इसके तहत अगर कोई व्यक्ति हादसे में गंभीर रूप से घायल शख्स की मदद करता है और उसे समय पर हॉस्पिटल पहुंचाता है तो उसको सरकार की तरफ से पांच हजार रुपए इनाम के रूप में प्रदान किए जाते हैं। साथ की प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया जाता है। उसे अच्छे मददगार के नाम से जाना जाता है। यातायात प्रभारी चिन्दा ने कहा कि कोई भी नाबालिग बालक वाहन न चलाए, जब तक वह 18 वर्ष का नहीं हो जाता। इस दौरान यातायात संबंधी प्रश्नोत्तरी का आयोजन कर विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। यातायात प्रभारी ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की पालना की शपथ दिलाई। इस मौके पर विद्यालय संस्थापक ओम प्रकाश छाबड़ा सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।