श्रीगगानगर
श्रीगंगानगर से सटे गांव साधुवाली और इसके आस-पास के इलाके में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों व व्यापारियों ने विरोध-प्रदर्शन किया। गांव के मुख्य मार्ग पर बनी दुकानों को बंद रखा गया। व्यापारियों का कहना था कि पिछले कुछ दिनों में साधुवाली इलाके में आपराधिक घटना लगातार बढ़ी हैं। राह चलते लोगों से लूटपाट की घटना हो जाना सामान्य है।
श्रीगंगानगर से पंजाब की ओर जाने वाला मार्ग होने के कारण यहां काफी आवाजाही रहती है। आमतौर पर अपराधी वाहन चालकों को निशाना बनाते हैं। रविवार को भी गांव से होकर श्रीगंगानगर की तरफ जा रहे एक व्यक्ति से लूट की वारदात हुई है।
ग्रामीणों ने श्रीगंगानगर-पंजाब मार्ग पर गांव साधुवाली मुख्य बाजार में धरना लगाया। जैडआरयूसीसी सदस्य मुकेश गोदारा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने नारेबाजी कर रोष जताया। ट्रेनी आईपीएस रमेश ने इलाके का जायजा लिया तथा लोगों से इलाके में हो रही लूट की घटनाओं के बारे में जानकारी ली।
गोदारा ने बताया कि इलाके में इन दिनों लगातार अपराध की घटना हो रही है। बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन करते हुए इलाके के हालात पर रोष जताया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस को शीघ्र कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए।