सांसदी वापस मिलने के बाद पहली बार राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड के दौरे पर पहुंचे हैं। यहां उन्होंने आज अपने क्षेत्र के आदिवासियों को संबोधित किया। इस दौरान भाजपा सरकार पर लोगों को बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आप लोगों को प्रतिबंधित और वर्गीकृत नहीं किया जाना चाहिए। पूरी दुनिया आपके लिए खुली होनी चाहिए। हम आपको आदिवासी और दूसरा पक्ष (भाजपा) आपको ‘वनवासी’ कहती है। वनवासी शब्द के पीछे एक विकृत तर्क है।
मूल मालिकों का जमीन, जंगल पर अधिकार- राहुल
आदिवासी समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि हमारे आदिवासी भाई-बहन इस देश के मूल मालिक थे। इसका मतलब यह भी है कि इस देश के मूल मालिकों को जमीन, जंगल पर अधिकार दिया जाना चाहिए। वो जो कुछ चाहते हैं उन्हें करने की उन्हें पूरी अनुमति दी जानी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि आपको प्रतिबंधित और वर्गीकृत नहीं किया जाना चाहिए। पूरा दुनिया आपके लिए खुली होनी चाहिए।
हम आपको आदिवासी कहते हैं वो वनवासी
कांग्रेस नेता ने इस दौरान वहां मौजूद लोगों से कहा कि हम (कांग्रेस) आपको आदिवासी कहते हैं। वहीं दूसरा पक्ष (भाजपा) आपको ‘वनवासी’ कहते हैं। वनवासी शब्द के पीछे एक विकृत तर्क है। ‘वनवासी’ शब्द इस बात से इनकार करता है कि आप भारत के मूल मालिक हैं और यह आपको जंगल तक ही सीमित रखता है। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि ‘वनवासी’ शब्द के पीछे भावना यह है कि आप जंगल में हैं और आपको कभी जंगल नहीं छोड़ना चाहिए और यह हमें कतई स्वीकार्य नहीं है। हम इस शब्द को स्वीकार नहीं करते हैं।
सांसदी वापस होने के बाद पहली बाप वायनाड पहुंचे है राहुल
मोदी सरनेम केस में सांसदी वापस मिलने के बाद राहुल गांधी शनिवार को पहली बार दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड पहुंचे हैं। राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस की केरल के कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत की जोरदार तैयारीयां की थी। इस साल के अंत में और दक्षिण भारत के तेलंगाना में चुनाव है, वहीं कांग्रेस दक्षिण में उत्तर के मुकाबले भाजपा से ज्यादा मजबूत स्थिती में है।
मोदी सरनेम मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सजा पर लगाई थी रोक
बता दें कि मोदी सरनेम मामले में सूरत की सीजेएम कोर्ट ने इसी साल 23 मार्च को राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाई थी, जिसके चलते उनकी संसद सदस्यता समाप्त कर दी गई थी। करीब चार महीने से ज्यादा समय के बाद बीती 4 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने सजा पर रोक लगाने का आदेश दिया था। मोदी सरनेम मामले में सुप्रीम कोर्ट से सजा पर रोक के बाद सोमवार को राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल कर दी गई थी।