नई दिल्ली
भारतीय टीम के दमदार टेस्ट बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे के लिए पिछला कुछ समय काफी कठिन रहा है, क्योंकि उनके बल्ले से अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट में रन नहीं निकले हैं और इसके कारण उनसे भारत की टेस्ट टीम की उपकप्तानी भी छीन ली गई। यहां तक कि उनको टेस्ट टीम से ड्रॉप करने की बात भी की जा रही है, लेकिन इसी बीच उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में एक और शतक ठोक दिया है।
अजिंक्य रहाणे ने रणजी ट्रॉफी के 2022 के सीजन में सौराष्ट्र के खिलाफ मोटेरा के नरेंद्र मोदी स्टेडियम ग्राउंड ए में दमदार शतक जड़ा। हालांकि, यहां अजिंक्य रहाणे ने अपना स्वभाविक खेल खेला और 14 चौके और 2 छक्कों की मदद से 211 गेंदों में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 36वां शतक पूरा किया। रणजी ट्रॉफी के इतिहास में अजिंक्य रहाणे का ये 24वां शतक है।
आपको बता दें, अजिंक्य रहाणे सौराष्ट्र के खिलाफ मुंबई के लिए उस समय बल्लेबाजी करने उतरे थे, जब टीम का स्कोर 22 रन पर दो विकेट था। कप्तान पृथ्वी शॉ एक रन बनाकर और आकर्षित गोमेल 8 रन बनाकर आउट हो गए थे। इसके बाद अजिंक्य रहाणे ने पहले एसएम यादव के साथ पारी को आगे बढ़ाया, लेकिन वे 19 रन पर आउट हो गए। हालांकि, रहाणे का साथ सरफराज खान ने दिया। सरफराज भी शतक की ओर बढ़ रहे हैं।