अनिल अंबानी (Anil ambani) की दिवालिया कंपनी रिलायंस कैपिटल लिमिटेड (Reliance capital limited) के खरीदारों की लिस्ट जारी हो गई है। रिलायंस कैपिटल ने शेयर बाजार को आवेदकों की लिस्ट सौंपी है। स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, कर्ज में डूबी रिलायंस कैपिटल (Relianca capital) के लिए कुल 55 कंपनियों ने बोली लगाई है। वहीं, 22 कंपनियों ने रिलायंस कैपिटल के साथ-साथ बिजनेस क्लस्टर के लिए भी बोली लगाई है।
बता दें कि स्टॉक एक्सचेंज ने 4 अप्रैल देर शाम को इसकी जानकारी दी है, जिसके बाद 5 और 6 अप्रैल को कंपनी के शेयर अपर सर्किट में फंसा रहा। आज बुधवार को रिलायंस कैपिटल के शेयर 4.95% की तेजी के साथ 20.15 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं। पिछले पांच ट्रेडिंग सेशंस में रिलायंस कैपिटल के शेयरों में 25.16% की तेजी देखी गई है।
ये हैं संभावित आवेदक
नागेश्वर राव वाई द्वारा जारी सूची के अनुसार, पिरामल ग्रुप, यस बैंक, ज्यूरिख इंश्योरेंस कंपनी, इंडसइंड इंटरनेशनल होल्डिंग्स, जिंदल पावर, डार्विन प्लेटफॉर्म ग्रुप ऑफ कंपनीज के चेयरमैन अजय हरिनाथ सिंह के नेतृत्व में एक कंसोर्टियम कुछ संभावित समाधान आवेदन हैं। बता दें कि आरबीआई ने निदेशक मंडल भंग करने के बाद नागेश्वर राव वाई को रिलायंस कैपिटल का प्रशासक नियुक्त किया था।