अफगानिस्तान में एक बार फिर से तालिबानी शासन ने दस्तक दे दी है। तालिबान ने राजधानी काबुल को भी कब्जे में ले लिया। अफगानिस्तान के मौजूदा हालातों के देखते हुए अब एक बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि क्या अब IPL-14 के फेज-2 में अफगानिस्तान के स्टार खिलाड़ी राशिद खान और मोहम्मद नबी सहित अन्य अफगानी खिलाड़ी खेलते हुए नजर आएंगे या नहीं?
सामने आया BCCI का बयान
राशिद खान और मोहम्मद नबी आईपीएल के बड़े नामों में से एक है और दोनों ही खिलाड़ी सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते है। राशिद और नबी के फेज-2 में खेलने की बात पर बीसीसीआई के एक अधिकारी ने पीटीआई से बात करते हुए कहा, ‘अभी कुछ भी कहने में जल्दबाजी होगी, लेकिन हम नजर रख रहे हैं। हमारे लिए फिलहाल कुछ भी नहीं बदला है और हमें उम्मीद है कि राशिद और अन्य अफगान खिलाड़ी आईपीएल का हिस्सा होंगे।‘
फिलहाल ‘द हंड्रेड’ में खेल रहे हैं दोनों खिलाड़ी
राशिद और नबी फिलहाल अफगानिस्तान में नहीं है और इंग्लैंड और वेल्स में ‘द हंड्रेड’ टूर्नामेंट में खेल रहे हैं। 22 वर्षीय युवा लेग स्पिनर राशिद खान टीम रॉक्ट्स का हिस्सा है, तो मोहम्मद नबी लंदन स्पिरिट में शामिल है।
BCCI उठा सकती ये कदम
पहली बार खेला जा रहा ‘द हंड्रेड’ टूर्नामेंट 21 अगस्त को खत्म होगा और टूर्नामेंट के समाप्त होने के बाद दोनों खिलाड़ी (राशिद और नबी) अफगानिस्तान में अपने-अपने घर जाएंगे और अगर वह अपने देश ना जाकर इंग्लैंड में ही रहते हैं तो बीसीसीआई शायद भारतीय खिलाड़ियों के साथ ही स्पेशल चार्टर्ड प्लेन के जरिए राशिद खान और मोहम्मद नबी को यूएई लेना का इंतजाम कर सकती है। टीम इंडिया के खिलाड़ी 15 सितंबर को मैनचेस्टर से यूएई के लिए उड़ान भरेंगे।
19 सितंबर से होगा फेज-2
IPL-14 के फेज-2 का आगाज 19 सितंबर से यूएई में होगा और टूर्नामेंट के बचे हुए 31 मुकाबले दुबई, शारजाह और अबुधाबी के मैदान पर खेले जाएंगे। फाइनल मैच 15 अक्टूबर को खेला जाएगा।