Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अफीम व चिट्टे सहित चार गिरफ्तार

  • मुकलावा, सादुलशहर और केसरीसिंहपुर में पुलिस की छापेमारी
    श्रीगंगानगर/ केसरीसिंहपुर (सीमा संदेश)।
    पुलिस ने संभाग में एक अप्रेल 2022 से आॅपरेशन फ्लश आउट चलाया है। इसके अंतर्गत एक युवक अफीम सहित पकड़ा गया। इस युवक पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। एसपी आनंद शर्मा के अनुसार मुकलावा एसएचओ मलकीत सिंह इलाके में बस अड्डे के पास गश्त कर रहे थे। इस दौरान 15 एनपी बस अड्डे पर संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। जिसकी तलाशी लेने पर मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि मामले में बीकानेर नया थाना क्षेत्र के बंगला नगर निवासी विक्रम पुत्र गोरधन जाट को 550 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया गया है। उक्त मादक पदार्थ की खरीद फरोख्त संबंधी जानकारी जुटाने के लिए आगामी अनुसंधान समेजाकोठी एसएचओ करतार सिंह के सुपुर्द किया गया है। इस कार्रवाई में एसएचओ सहित हवलदार विजय कुमार, सिपाही रवींद्रपाल, मनीष और विजय शामिल रहे।
    केसरीसिंहपुर में चिट्टे सहित दो गिरफ्तार
    केसरीसिंहपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ चिट्टे सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई में अरायण निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ राजू पुत्र जीतराम बावरी को 1 ग्राम 35 मिलीग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार किया। दूसरी कार्रवाई में बुधरवाली व हाल विकास कॉलोनी केसरीसिंहपुर निवासी धर्मेंद्र उर्फ मास पुत्र मीठूराम को एक ग्राम 60 मिलीग्राम चिट्टे सहित काबू किया गया। उक्त दोनों प्रकरणों की जांच श्रीकरणपुर एसएचओ आलोक सिंह के सुपुर्द की गई है।
    सादुलशहर में गौशाला के पास एक दबोचा
    सादुलशहर थाने के एसआई सुरेश कुमार ने इलाके में गौशाला के पास दबिश दी। यहां सादुलशहर निवासी विक्की पुत्र श्रीप्रकाश को 6 ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार किया गया। पुलिस को देखते ही आरोपित ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे दबोच लिया। बरामद मादक पदार्थ की खरीद फरोख्त संबंधी जानकारी जुटाने के लिए जांच लालगढ़ एसएचओ तेजवंत सिंह को सौंप दी गई।