Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अभी समाप्त नहीं स्थगित हुआ है किसान आंदोलन : राठौड़

  • किसान आंदोलन में मिली जीत के बाद पहली बार हनुमानगढ़ पहुंचे किसान नेता सौरभ राठौड़ का स्वागत
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    केन्द्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ लम्बे समय तक चले किसान आंदोलन के दौरान इलाके में अग्रिम पंक्ति में रहकर किसानों के हक के लिए आवाज बुलंद करने वाले किसान नेता सौरभ राठौड़ का सोमवार को हनुमानगढ़ पहुंचने पर किसान व मजदूर प्रतिनिधियों की ओर से जंक्शन के हृदयस्थल भगतसिंह चौक पर स्वागत किया गया। किसान आंदोलन में मिली जीत के बाद पहली बार हनुमानगढ़ पहुंचे सौरभ राठौड़ का पूर्व पार्षद निरंजन नायक के नेतृत्व में 51 किलोग्राम फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान किसान-मजदूर प्रतिनिधियों ने किसान एकता जिन्दाबाद के नारे भी लगाए। इस मौके पर किसान नेता डॉ. सौरभ राठौड़ ने कहा कि केन्द्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को रद्द करवाने के लिए पूरे देश सहित हनुमानगढ़ इलाके में भी लम्बे समय तक आंदोलन चला। इस आंदोलन व किसानों की एकजुटता का यह परिणाम हुआ कि केन्द्र की अहंकारी सरकार घुटनों के बल आई। तीनों काले कृषि कानूनों को रद्द करना पड़ा। किसानों के संघर्ष की जीत हुई। इस आंदोलन में किसानों के साथ छोटे व्यापारियों व मजदूरों ने भी सहयोग दिया। वे भी धन्यवाद के पात्र हैं। डॉ. राठौड़ ने केन्द्र सरकार को चेताते हुए कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा का आंदोलन अभी स्थगित हुआ है। आंदोलन निरंतर जारी है।