Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अमिताभ बच्चन और इमरान हाशमी स्टारर ‘चेहरे’ 27 अगस्त को सिनेमाघरों में होगी रिलीज, ‘चोर निकल के भागा’ में नजर आएंगे सनी कौशल और यामी गौतम

अमिताभ बच्‍चन, इमरान हाशमी और रिया चक्रवर्ती स्टारर ‘चेहरे’ सिनेमाघरों में ही रिलीज होगी। गुरुवार को रूमी जाफरी के डायरेक्‍शन में बनी इस फिल्‍म की नई रिलीज डेट की अनाउंसमेंट कर दी गई है। यह फिल्‍म 27 अगस्‍त को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। अमिताभ बच्‍चन ने खुद सोशल मीडिया पर फिल्म से एक वीडियो क्लिप शेयर करते हुए नई रिलीज डेट का ऐलान किया है। अमिताभ ने सोशल मीडिया पर एक डायलॉग प्रोमो शेयर करते हुए लिखा, “सावधान! आपको पहले ही चेतावनी दी गई थी! खेल का सामना करने के लिए तैयार हो जाइए, क्‍योंकि ये इल्‍जाम आप पर भी लग सकता है। ‘चेहरे’ आपके नजदीकी सिनेमाघरों में 27 अगस्‍त को रिलीज हो रही है।” इस सस्पेंस थ्र‍िलर फिल्म में अन्‍नू कपूर, क्रिस्‍टल डिसूजा, धृतिमान चक्रवर्ती, रघुवीर यादव और सिद्धांत कपूर भी लीड रोल में हैं।

आदिवी शेष की फिल्म ‘मेजर’ की शूटिंग का आखिरी शेड्यूल शुरू
एक्टर आदिवी शेष की अपकमिंग फिल्म ‘मेजर’ की शूटिंग का आखिरी शेड्यूल गुरुवार से शुरू कर दिया है। इस बात की जानकारी आदिवी शेष ने खुद सोशल मीडिया पर फिल्म से अपनी कुछ फोटोज को शेयर कर दी है। इस फिल्म में आदिवी के अपोजिट सई मांजरेकर भी लीड रोल में हैं। मेकर्स की इस फिल्म की शूटिंग अगस्त के अंत तक खत्म करने की प्लानिंग है। यह फिल्म मेजर संदीप उन्नीकृष्णन के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालती है। शशि किरण टिक्का द्वारा निर्देशित अदीवी शेष, शोभिता धूलिपाला और सई मांजरेकर अभिनीत यह बहुभाषी फिल्म हिंदी, तेलुगु और मलयालम में रिलीज होगी। महेश बाबू की जीएमबी एंटरटेनमेंट और ए+एस मूवीज के सहयोग से सोनी पिक्चर्स फिल्म्स द्वारा निर्मित ‘मेजर’ के इस साल रिलीज होने की संभावना है।

अमर कौशिक की ‘चोर निकल के भागा’ में नजर आएंगे सनी कौशल और यामी गौतम
2017 में फिल्ममेकर अमर कौशिक जॉन अब्राहम और राजकुमार राव के साथ मिलकर एक थ्रिलर फिल्म ‘चोर निकल के भागा’ पर काम कर रहे थे। इस फिल्म से कौशिक निर्देशन में डेब्यू करने वाले थे। हालांकि, क्रिएटिव ड्रिफ्रेंसेज के कारण जॉन के फिल्म से बाहर होने के बाद यह प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया था। अब जानकारी सामने आ रही है कि फिल्म ‘चोर निकल के भागा’ में कौशिक सनी कौशल और यामी गौतम को शामिल कर सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, ठंडे बस्ते में चली गई फिल्म ‘चोर निकल के भागा’ को कौशिक सनी और यामी के साथ फिर से शुरू करने वाले हैं। इस फिल्म में यामी और सनी मुख्य भूमिका निभाएंगे। बताया जा रहा है कि लीड भूमिका निभाने के लिए दोनों कलाकारों को चुन लिया गया है। सिराज अहमद ने इस फिल्म का लेखन किया है। आज के समय के अनुसार फिल्म की स्क्रिप्ट में थोड़ा बदलाव किया गया है। फिल्म ‘चोर निकल के भागा’ को कौशिक निर्देशित नहीं करेंगे। इस फिल्म के निर्देशन की कमान उन्होंने अजय सिंह को सौंपी है। बताया जा रहा है कि कोशिक इस फिल्म से क्रिएटिव प्रोड्यूसर के तौर पर जुड़े रहेंगे। कौशिक ने इस थ्रिलर फिल्म के लिए मैडॉक फिल्म्स के अपने पसंदीदा निर्माता दिनेश विजान के साथ हाथ मिलाया है। यह फिल्म हीरे की चोरी की घटना पर आधारित होगी। मेकर्स ने फिल्म की कास्ट को फाइनल कर लिया है। अगले महीने फिल्म की शूटिंग शुरू हो सकती है।

शरवरी को स्किन केयर ब्रांड के नए चेहरे के तौर पर किया गया साइन
शरवरी को स्किन केयर ब्रांड के नए चेहरे के तौर पर साइन किया गया है। ‘बंटी और बबली 2’ की इस एक्ट्रेस पर कुछ बड़े ब्रांड्स की नजर पड़ गई है, क्योंकि उन्हें एक स्किन केयर ब्रांड के नए चेहरे के तौर पर चुना गया है। उनकी पहली फिल्म की रिलीज से पहले इतना बड़ा कॉन्ट्रैक्ट साइन करना, इस बात को और भी खास बनाता है और भविष्य के एक सितारे के आने की ओर इशारा करता है। अपनी खूबसूरती और एक्टिंग के हुनर के साथ शरवरी यकीनन आनेवाले समय में एक देखने लायक एक्ट्रेस के रूप में सामने आएंगी। बता दें कि शरवरी की आदित्य चोपड़ा की ‘यशराज फिल्म्स’ के साथ तीन फिल्मों की डील हुई है। कहा जा रहा है कि उन्होंने वाईआरएफ बैनर के तहत एक और बड़ी फिल्म साइन की है, जिसका ऐलान होना अभी बाकी है।

वेस्ट मैनेजमेंट के प्रति बच्चों को प्रेरित करेंगी रसिका दुग्गल
वेस्ट मैनेजमेंट काफी लंबे समय से दुनियाभर में एक पर्यावरणीय मुद्दा रहा है। इस क्राइसेस को संबोधित करते हुए एक्ट्रेस रसिका दुग्गल ने ‘लिटिल ग्रीन ब्रिगेडियर’ अभियान के तहत ‘विश फॉर अर्थ’ के साथ हाथ मिलाया है, जो उसी के लिए एक जागरूकता पहल है। इस पहल के तहत रसिका ने अपने सोशल मीडिया के जरिए ‘इम्पैक्ट ऑफ वेस्ट नामक एक प्रतियोगिता’ की घोषणा की, जिसके माध्यम से वे 6 से 12 वर्ष की आयु के प्रतिभागियों से अपनी एंट्रीज को जमा करने आह्वान करती हैं। प्रतिभागियों को अपनी एंट्री को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो के रूप में साझा करना होगा जो डेढ़ मिनट से अधिक न हो और उन्हें अपनी एंट्री को #rasikasgreenbrigade इस हैशटैग के साथ अपलोड करना होगा और प्रतिभागियों को अपने किन्ही तीन दोस्तों को @wishforearth हैंडल के साथ टैग करना होगा, जो पर्यावरण को बचाना चाहते हैं। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के बीच पर्यावरण क्राइसेस और जलवायु परिवर्तन के प्रति उन्हें जागरूक करना है। विश फॉर अर्थ टीम पांच प्रविष्टियों को शॉर्टलिस्ट करेगी और उनमें से रसिका विजेता का चयन करेंगी और उन्हें उनके द्वारा साइन किए गए सर्टिफिकेट से सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *