कोरोना की दूसरी लहर से अमिताभ बच्चन बिलकुल नहीं डरे हैं। वो बेखौफ होकर अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स की शूटिंग कर रहे हैं। इन दिनों वो अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट ‘गुडबाय’ की शूटिंग कर रहे हैं। सेट पर मौजूद सूत्रों ने बताया, “15 जून के बाद से वो लगातार फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं ताकि फिल्म समय पर पूरी हो सके। मेकर्स ने भी उनका और पूरी कास्ट का पूरा ख्याल रखा है। फिल्म का सेट चंडीगढ़ में है, मगर मेकर्स चंडीगढ़ के लाइव लोकेशन्स पर शूट नहीं कर रहे हैं।”
फिल्म में चंडीगढ़ को मुंबई में रीक्रिएट किया गया है
सूत्रों ने आगे बताया, “चंडीगढ़ को मुंबई में ही रीक्रिएट किया गया था। अप्रैल में लॉकडाउन से पहले अंधेरी के चांदीवली स्टूडियो में अमिताभ बच्चन और रश्मिका मंदाना शूट करते रहे हैं। स्टूडियो में ही चंडीगढ़ की हाउसिंग कॉलोनी का सेट तैयार किया गया है। वहीं एक रिटायर्ड अफसर के किरदार में अमिताभ बच्चन के फ्लैट का सेट तैयार किया गया है।”
फिल्म में चंडीगढ़ पीजीआई हॉस्पिटल का सेट लॉ कॉलेज दहिसर में खड़ा किया गया है
अमिताभ बच्चन अब अंधेरी के बजाए दहिसर के लॉ कॉलेज में शूटिंग करेंगे। डायरेक्टर विकास बहल के करीबियों ने बताया, “लॉ कॉलेज में चंडीगढ़ पीजीआई हॉस्पिटल का सेट खड़ा किया गया है। उस पर पिछले तीन दिनों से काम जारी था। दिलचस्प बात यह है कि लॉ कॉलेज में एडमिशन भी होता रहेगा। यहां बुजुर्ग अमिताभ बच्चन के किरदार को हॉस्पिटल में एडमिट करने वाला सीन फिल्माया जाएगा।”
अमिताभ बच्चन ‘गुडबाय’ के तुरंत बाद ‘मेडे’ की शूटिंग पूरी करेंगे
प्रोडक्शन की टीम एक वैसा लोकेशन भी ढूंढ रही है, जहां श्मशान घाट को भी रीक्रिएट किया जा सके। इधर, अमिताभ बच्चन के करीबियों ने बताया कि ‘गुडबाय’ के तुरंत बाद वो ‘मेडे’ और नाग अश्विन की फिल्म पूरी करेंगे। फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ का भी उनका पांच से छह दिनों का शूट बाकी है। ऐसे में मुमकिन है कि फिल्म की बाकी स्टार कास्ट के साथ वो भी इस साल अगस्त में बुडापेस्ट जाएंगे। उसके बाद वो नाग अश्विन की फिल्म पूरी करेंगे। इस तरह देखा जाए तो सूरज बड़जात्या की फिल्म के लिए वो अगले साल ही अपनी तारीखें दे सकेंगे।