शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के तहत टिब्बी में कार्रवाई हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरुवार को टिब्बी में खाद्य पदार्थों का विक्रय करने वाले संस्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक दुकान पर अवधिपार घी व टोमेटो सॉस मिला, जिसे विभाग ने मौके पर ही नष्ट करवा दिया। इसके अलावा एक दुकान से सरसों का तेल व नमक का भी सैम्पल भरा गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के तहत चिकित्सा विभाग की टीम ने गुरुवार को टिब्बी में खाद्य पदार्थों का विक्रय करने वाले संस्थानों की जांच की। निरीक्षण दल ने मै. महालक्ष्मी शॉपिंग माल की जांच की, तो वहां से काफी मात्रा में अवधिपार सामग्री मिली। जांच करने पर वहां से आनंदा ब्राण्ड के घी के 200 ग्राम वजन के 27 पैकेट, कीर्तन ब्राण्ड घी के एक किलोग्राम वजन के आठ पैकेट, सांवरिया लाइट घी के एक किलोग्राम वजन के 12 पैकेट तथा टोमेटो सॉस के एक किलोग्राम वजन के 27 पैकेट मिले। जांच में यह सामग्री अवधिपार मिली, जिसे मौके ही नष्ट करवा दिया गया। दुकानदार को एफएसएसएआई एक्ट की धारा के तहत नोटिस जारी किया गया। इसके उपरांत मै. वेलकम शॉपिंग स्टोर से सरसों का तेल एवं सफारी ब्राण्ड के आयोडाइज्ड नमक का सैम्पल भरा गया। संग्रहित किए गए सैम्पलों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भिजवा दिया गया है। जांच दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जीतसिंह यादव एवं टैक्नीशियन दलीपसिंह शामिल थे। सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने बताया कि जिले में अगर कहीं पर मिलावटी खाद्य पदार्थ तैयार अथवा बेचान किया जाता है, तो उसकी सूचना मोबाइल नम्बर 75972-22000 अथवा व्हाट्सएप पर दी जा सकती है।