हर भाई रक्षा बंधन का त्योहार अपनी बहन के साथ मनाना चाहता है तो वहीं इस दिन बहनें भी भाइयों की कलाई पर राखी बांधने का इंतजार करती हैं। इस पर्व पर दैनिक भास्कर ने कुछ जाने-माने टीवी कलाकारों से बातचीत की और जाना कि वो कैसे इस साल रक्षा बंधन मना रहे है। आइये जानते है क्या कहा उन्होंने:
पर्सनली मैं हर भाई के घर जाकर उनकी कलाई पर राखी बांधने वाली हूं: अविका गौर
इस साल मैं अपने परिवार वालों के साथ रक्षाबंधन मनाने वाली हूं। पेंडेमिक की वजह से काफी समय हो गया है हम सब एक दूसरे से मिले नहीं हैं और अब जब हम सभी पूरी तरह से वैक्सीनेटिड हो गए हैं तो हमने सोचा कि हम सब मिलकर इस पर्व को साथ मनाते हैं। हां, इसका मतलब ये नहीं कि हम बड़े समूह में मिल रहे हैं, बल्कि मैं पर्सनली मेरे हर भाई के घर जाकर उनकी कलाई पर राखी बांधने वाली हूं। पिछले साल मैं रक्षाबंधन के दिन हैदराबाद में थी और चाहकर भी मुंबई नहीं आ पाई थी। मैं कुछ दिनों पहले ही हैदराबाद से मुंबई आ गई थी। मैं त्यौहार मनाकर नासिक निकल जाउंगी और फिर काम के सिलसिले में हैदराबाद लौट जाउंगी। पिछले साल मैंने यह त्योहार बहुत मिस किया था और यही वजह है कि इस साल मेरी उत्सुकता दुगनी है। मेरे 7 भाई हैं, साथ ही कइयों को मैं राखी भेजती भी हूं। इनमे से एक अली गोनी भी हैं, उन्हें भी मैंने इस बार राखी भेजी है। साथ ही मेरी एक मूवी आ रही है ‘हैशटैग ब्रो’ जो भाई बहन के रिश्तों पर आधारित है। रक्षाबंधन के एक दिन पहले ही हमने उस फिल्म का एक गाना रिलीज किया जिसका साउथ में काफी अच्छा रिव्यु आया है। इस साल ये त्यौहार मेरे लिए कई वजहों से खास है।

इस साल भी भाई को राखी और गिफ्ट्स आसाम भेजे हैं: देवोलीना भट्टाचार्जी
पिछले 3 सालों से मैं ये त्यौहार अपने भाई के साथ नहीं मना पा रही हूं। इस साल भी मैंने उसे राखी और गिफ्ट्स आसाम भेजे हैं। सच कहूं तो इस मौके पर मैं भाई और मां दोनों को ही बहुत मिस करती हूं। आम तौर पर हम सभी त्यौहार एक साथ मनाया करते हैं। चाहे इस बार मैं भाई की कलाई पर पर्सनली राखी नहीं बांध पा रही हूं, लेकिन मुझे पता है कि हम दोनों एक दूसरे के लिए हमेशा मौजूद रहेंगे, हम दोनों एक दूसरे से बहुत प्यार करते हैं। हम चाहे एक दूसरे से हर दिन बात नहीं कर पाते हों, या मिल नहीं पाते हों, लेकिन हमें इस बात का एहसास है कि हमें जब भी एक दूसरे की जरूरत होगी, तो हम एक दूसरे के लिए रहेंगे। यूं तो कहते हैं कि भाई हमेशा बहन की रक्षा करता है, लेकिन यहां बहन हमेशा भाई की रक्षा करती है। साथ ही इस मौके पर मेरा जन्मदिन भी है, तो दुगनी खुशी है। एक तरफ मुंबई में मैं अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाऊंगी तो वहीं दूसरी तरफ भाई अपने कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन मनाएगा।

गिफ्ट के तौर पर भाई से वचन मांगूंगी: निकिता रावल
मैं जॉइंट फॅमिली में रहती हूं और जॉइंट फॅमिली में त्यौहार मनाने का मजा कुछ और ही होता है। हम चार बहन मिलकर हमारे एक भाई की कलाई को राखी से भर देते हैं। मेरे लिए ‘रक्षाबंधन’ बहुत ही इमोशनल त्यौहार है। सच कहूं तो इस मौके पर मैं कभी अपने भाई से गिफ्ट नहीं लेती बल्कि उससे हर साल एक वचन लेती हूं। साल में ऐसे कई अवसर आते हैं जब वो मेरी बात नहीं मानता, तब मैं ये वचन वाला गिफ्ट इस्तेमाल करती हूं (हँसते हुए) इस बार भी गिफ्ट के बदले मैं एक स्पेशल वचन मांगने वाली हूं और मुझे यकीन है ये गिफ्ट देने से वो इंकार नहीं करेंगे।

गुजरे पलों को याद करता हूं, आंखें नम हो जाती हैं, इस साल भी कोलकता नहीं जा पाऊंगा: शरद मल्होत्रा
इस साल, अपनी कुछ प्रोफेशनल कमिटमेंट्स की वजह से राखी के लिए मैं कोलकता नहीं जा पाऊंगा। अपनी बहन रीमा पावा के साथ मैं वर्चुली त्योहार मनाऊंगा। महामारी ने हमारे जीवन और यहां तक कि त्योहारों को देखने के नजरिए को बदल दिया है। जब भी मैं पुराने दिनों के बारे में सोचता हूं तब भावुक हो जाता हूं। हम सब कजिन भाई-बहन मिलकर इस त्यौहार को सेलिब्रेट करते थे। एक साथ बैठना, खूब सारी मिठाई खाना, अपने बहनों के लिए सरप्राइस गिफ्ट्स प्लान करना, ये मेमोरीज हमेशा स्पेशल रहेंगी। जब भी मैं इन गुजरे पलों को याद करता हूं, तब मेरी आंखें नम हो जाती हैं।

रश्मि देसाई बांधेंगी कलाई पर राखी: मृणाल जैन
बचपन की सबसे प्यारी याद स्कूल की है जब बहुत सारी लड़कियां मुझे राखी बांधना चाहती थीं और मैं बहुत शर्मीला था। अपने हाथ पर पट्टी बांधकर कहता था कि मैंने खुद को चोट पहुंचाई है। पिछले कुछ सालों से रश्मि देसाई (अभिनेत्री) मेरी मु-बोली बहन मुझे राखी बांधती हैं। वो एक बहुत ही देखभाल करने वाली बहन हैं और आने वाले हर सालों में भी वो मुझे राखी बांधेगी।

बख्तियार को दो राखियां बांधूंगी: डेलनाज ईरानी
राखी हमेशा मेरे लिए एक बेहद खास अवसर रहा है। मेरे बड़े भाई पोरस ईरानी पिछले दस साल से लंदन में रहते हैं इसलिए हम उनके साथ त्योहार मनाने से चूक जाते हैं। तो इस साल भी केवल बख्तियार ईरानी (छोटा भाई, अभिनेता) और मैं ही होंगे क्योंकि हम दोनों मुंबई में हैं। इस साल हम ये त्यौहार रात के खाने पर मनाएंगे जब हम पोरस को वीडियो कॉलिंग करेंगे और मैं बख्तियार को दो राखियां बांधूंगी। मेरे भाई मेरी ताकत के स्तंभ हैं, मुझे उन पर पूरा भरोसा है। जब भी मुझे उनकी आवश्यकता होती है, वो हमेशा मेरे लिए होते हैं। मुझे नाज हैं अपने भाइयों पर।

वर्चुअल रूप से अपने भाई-बहनों के साथ कुछ वक्त बिताऊंगी: पूजा बनर्जी
अपने स्कूल के दिनों में हमारा एक और ट्रेडिशन था कि हम पेड़ों को राखी बांधते थे, क्योंकि हमें सिखाया गया था कि पेड़ हमें जीने के लिए ऑक्सीजन देते हैं और इसलिए हमें उसके प्रति सम्मान जताना चाहिए क्योंकि वो हमारी रक्षा करते हैं। जहां अब मैं ऐसा नहीं कर पाती हूं, वहीं मैंने इस रक्षाबंधन पर पेड़ लगाने का वचन लिया है। मैं अपने भाई-बहनों को लेकर भी बहुत प्रोटेक्टिव हूं। हमारा हर साल का रिवाज है कि हम सुबह जल्दी तैयार हो जाते हैं, बैकग्राउंड में गाने बजते हैं और हम अपने भाइयों की कलाइयों पर राखी बांधते हैं। चाहे साल का कोई भी दिन हो, मैं हमेशा उनके लिए मौजूद रहती हूं और उनकी जिंदगी के हर उतार-चढ़ाव में उनके साथ रहूंगी। इस साल की बात करूं तो मैं वर्चुअल रूप से अपने भाई-बहनों के साथ कुछ वक्त बिताऊंगी। मुझे लगता है कि वर्चुअल रूप से ही सही, सभी को वक्त निकालकर रक्षाबंधन पर अपने भाई-बहनों से मिलना चाहिए।

इस बार राखी पर सिर्फ मैं और मेरा भाई ही रहेंगे: रूही चतुर्वेदी
महामारी का दौर जारी है और ऐसे में मैं अपने भाई-बहनों के साथ ग्रैंड सेलिब्रेशन नहीं करूंगी, जैसा हम आम तौर पर करते हैं। आमतौर पर मेरे रिश्तेदार और मेरे कजिन्स मेरी नानी के घर पर आते हैं और वहां हम सब मिलकर यह त्यौहार मनाते हैं। लेकिन इस बार सिर्फ मैं और मेरा भाई ही रहेंगे। मैं राखी बांधूंगी और घर पर ही अपने पैरेंट्स और भाई के साथ यह त्यौहार मनाऊंगी, हालांकि मैं अपने सभी करीबी रिश्तेदारों से मुलाकात को मिस करूंगी।