Wednesday, May 13निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अवैध कब्जा हटवा नाली खुलवाने की मांग

  • वार्डवासियों ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    करीब एक वर्ष से किए गए अतिक्रमण के कारण हो रही समस्या से निजात दिलाने के लिए नाजायज कब्जा हटवाने की मांग को लेकर वार्ड 15, भट्ठा कॉलोनी के वाशिंदों ने गुरुवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रतिभा देवठिया को ज्ञापन सौंपा। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि सुनवाई न हुई तो आत्मदाह जैसा कदम उठाने को वार्डवासी मजबूर होंगे। वार्डवासियों की अगुवाई कर रहे रविन्द्र बावरी ने बताया कि वार्ड 15, भट्ठा कॉलोनी में बैबी हैप्पी स्कूल की तरफ जाने वाली गली में बनी हुई नाली के जरिए करीब 50 वर्षांे से गन्दे पानी की निकासी हो रही है। इस पानी की निकासी पुराने तालाब में होती है। लेकिन कुछ जनों ने इस नाली को बंद कर नाली की जगह पर कब्जा कर लिया है। वार्डवासियों की ओर से इसकी शिकायत कई बार जिला कलक्टर, नगर परिषद अधिकारियों के अलावा 181 पोर्टल पर भी दर्ज कराई गई। नगर परिषद की ओर से हर बार आॅन लाइन शिकायत पर यह रिपोर्ट दे दी जाती है कि इस समस्या का समाधान कर दिया गया है लेकिन करीब एक वर्ष पहले हुआ कब्जा आज भी नहीं हटा है। इस कारण गंदे पानी की नाली बंद पड़ी है। गन्दा पानी घरों में घुस रहा है और मकान गिरने की नौबत पैदा हो गई है। वार्ड में गंदगी का साम्राज्य है लेकिन बार-बार अवगत करवाने पर भी इस समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा। क्योंकि अतिक्रमणकारी प्रभावशाली हैं। वार्डवासियों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि अवैध अतिक्रमण हटवाकर नाली को खुलवाया जाए। अन्यथा वार्डवासियों को आत्मदाह कर नाली खुलवाने करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। साथ ही कहा कि अगर कोई अप्रिय घटना घटती है तो यह नगर परिषद एवं अतिक्रमण कारियों की जिम्मेवारी होगी। इस मौके पर गोरीशंकर, सुरेन्द्र कुमार, रवि, जाकिर, रामप्रकाश, मंगतराम, विकास कुमार, देव आदि मौजूद थे।