Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

कृषि पर्यवेक्षक 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

  • डिग्गी निर्माण की फाइल पास करवाने के एवज में मांगी थी रिश्वत
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो हनुमानगढ़ की टीम ने नोहर तहसील की ग्राम पंचायत मलवानी में ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम देते हुए कृषि पर्यवेक्षक को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते गुरुवार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मलवानी के कृषि पर्यवेक्षक की ओर से डिग्गी निर्माण की फाइल पास करवाने के एवज में परिवादी से 40 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने गुरुवार को ट्रैप की कार्रवाई के लिए जाल बिछा कृषि पर्यवेक्षक को धर दबोचा। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर हुई कार्रवाई के बाद ब्यूरो टीम की ओर से रिश्वतखोर कृषि पर्यवेक्षक के आवास एवं अन्य ठिकानों की भी तलाशी शुरू की गई। जानकारी के अनुसार परिवादी सतवीर (45) पुत्र हरीराम जाट निवासी रतनपुरा तहसील नोहर की कृषि भूमि मलवानी ग्राम में है। परिवादी की कृषि भूमि में डिग्गी निर्माण के लिए ई मित्रा नोहर से कृषि विभाग में आवेदन किया था। करीब 10-15 दिन पहले कृषि पर्यवेक्षक दयाराम का परिवादी के मोबाइल पर फोन आया और बताया कि उसने उनका चयन खेत में डिग्गी निर्माण के लिए करवा दिया है, वे मलवानी ग्राम में आकर उससे मिल लें। इस पर परिवादी सतवीर कृषि पर्यवेक्षक दयाराम के पास गया तो उन्होंने कहा कि उसका चयन उसने करवाया है और उसे तीन लाख चालीस हजार रुपए मिलने हैं। अगर वह उक्त कार्य के लिए 40 हजार रुपए रिश्वत के देंगे तो ही तीन लाख 40 हजार रुपए उसे मिलेंगे। अन्यथा वह फाइल निरस्त करवा देगा। परिवादी सतवीर ने कहा कि उसके पास इतने रुपए नहीं हैं। तब कृषि पर्यवेक्षक दयाराम ने 20 हजार रुपए देने को कहा। इस पर परिवादी ने एसीबी की हनुमानगढ़ इकाई को शिकायत की। इस पर एसीबी बीकानेर के पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र बिश्नाई के निकटतम सुपरविजन में एसीबी हनुमानगढ़ इकाई के पुलिस निरीक्षक सुभाष चन्द्र के निर्देशन में शिकायत का 28 जुलाई को सत्यापन किया गया। इसमें परिवादी से कृषि पर्यवेक्षक की ओर से 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग कर उसी समय 5 हजार रुपए ले लिए गए। शेष 15 हजार रुपयों की और मांग की। गुरुवार को एसीबी टीम ने ट्रैप की कार्रवाई करते हुए कृषि पर्यवेक्षक दयाराम (55) पुत्र रामेश्वर निवासी ग्राम बरवाली तहसील नोहर को परिवादी से 15 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। रिश्वत राशि आरोपी दयाराम के पहने कुर्ते की दाहिनी साइड की जेब से बरामद हो गई। घटनास्थल खुली जगह और भीड़भाड़ होने के कारण सुरक्षा दृष्टि को मध्यनजर रखते हुए एसीबी टीम आरोपी को साथ लेकर ग्राम मलवानी के राजीव गांधी सेवा केन्द्र पहुंची और कागजी कार्रवाई पूर्ण की। इस कार्रवाई के बाद एसीबी के उप महानिरीक्षक पुलिस सवाई सिंह गोदारा के निर्देशन में टीम ने आरोपी के निवास एवं अन्य ठिकानों की तलाशी शुरू की। एसीबी की ओर से भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। एसीबी की ओर से कृषि पर्यवेक्षक को शुक्रवार को श्रीगंगानगर स्थित एसीबी कोर्ट में पेश किया जाएगा। कार्रवाई को अंजाम देने वाली ब्यूरो टीम में जगदीश राय, विनय विशाल, वरुण कुमार, संदीप कासनिया, राजेश, राजेन्द्र प्रसाद, अमन भादू, ओमप्रकाश सोनी आदि शामिल थे।