नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के 15वें सीजन में 10 टीमें खेलने वाली हैं। पिछले कुछ सीजनों में 8 टीमें टूर्नामेंट का हिस्सा थीं, लेकिन अब दो और टीमों को जोड़ा गया है, जिसमें एक टीम लखनऊ की थी, जबकि दूसरी टीम अहमदाबाद की थी। लखनऊ की आईपीएल टीम के आधिकारिक नाम और लोगो की घोषणा हो चुकी है, जबकि अब अहमदाबाद की आईपीएल टीम का नाम भी सामने आ गया है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अहमदाबाद की आईपीएल फ्रेंचाइजी के मालिकों ने इस टीम का नाम अहमदाबाद टाइटन्स (Ahmedabad Titans) रखा है।
बता दें कि लखनऊ की आईपीएल फ्रेंचाइजी को मालिकों ने लखनऊ सुपर जाएंट्स नाम दिया है। लखनऊ की टीम आरजी संजीव गोयनका ग्रुप की है, जबकि अहमदाबाद की आईपीएल टीम Ahmedabad Titans का मालिकाना हक सीवीसी कैपिटल्स के पास है। बता दें कि लखनऊ की टीम ने अपना नाम रखने के लिए फैंस से सलाह ली थी, जबकि अहमदाबाद की फ्रेंचाइजी ने नाम रखने के लिए एक फर्म को कॉन्ट्रैक्ट दिया था। इस तरह की रिपोर्ट सामने आई थी।
IPL 2022 के लिए टीमों के नाम
चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स, सनराइजर्स हैदराबाद, पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, लखनऊ सुपर जाएंट्स और अहमदाबाद टाइटन्स टीम आईपीएल 2022 का हिस्सा होगी। यूपी की टीम पहली बार आईपीएल खेलेगी, जबकि गुजरात की टीम आईपीएल पहले खेल चुकी है। गुजरात लायंस के नाम से आईपीएल टीम थी, जो अब टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं है। गुजरात लायंस ने 2016 और 2017 में आईपीएल खेला था।