Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अहिंसा मार्च के जरिए भाइचारे और एकता का दिया संदेश

  • जिला अहिंसा बोर्ड के संयोजन में जिला मुख्यालय पर अहिंसा मार्च का आयोजन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    शांति एवं अहिंसा निदेशालय के निर्देशानुसार शनिवार को जिला अहिंसा बोर्ड के संयोजन में जिला मुख्यालय पर अहिंसा मार्च का आयोजन किया गया। अहिंसा मार्च से पहले जिला कलक्ट्रेट कार्यालय परिसर स्थित राष्टÑपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पाजंलि अर्पित की गई। अहिंसा मार्च का आयोजन राजीव गांधी स्टेडियम तक किया गया। अहिंसा मार्च में जिला अहिंसा बोर्ड के संयोजक श्रवण तंवर, सहसंयोजक तरुण विजय, उपखण्ड अधिकारी डॉ. अवि गर्ग, जिला परिषद सीईओ अशोक असीजा, पीआरओ सुरेश बिश्नोई, जिला कलक्ट्रेट कार्यालय अधीक्षक बृजमोहन सोखल समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट, नेहरू युवा केन्द्र के वॉलेंटियर्स ने हिस्सा लिया। इस मौके पर जिला अहिंसा बोर्ड के संयोजक श्रवण तंवर ने बताया कि शांति एवं अहिंसा निदेशालय के निर्देशानुसार पूरे राजस्थान में जिला व ब्लॉक स्तर पर अहिंसा तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया है। एकता, भाईचारा व साम्प्रदायिक सद्भाव को मजबूत करने के लिए अहिंसा तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। इसके साथ ही राज्य सरकार की ओर आजादी का 75वां अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। सह संयोजक तरुण विजय ने कहा कि तिरंगा रैली के जरिए यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक व्यक्ति विशेषकर युवा देश की आन-बान-शान का मान-सम्मान करे और इस प्रतीक की महत्वता को समझे। एसडीएम डॉ. अवि गर्ग ने कहा कि अहिंसा मार्च के जरिए भाइचारे और एकता का संदेश दिया गया है। अहिंसा के रास्ते पर चलते हुए जनमानस आपसी भाइचारे से रहे।