हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिले की नोहर पुलिस ने आठ सालों से फरार चल रहे दो स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार जिला पुलिस की ओर से महानिदेशक पुलिस, राजस्थान जयपुर एवं महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर, रेंज बीकानेर के निर्देशानुसार स्थाई वारंट, भगौड़े, पीओ की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की निरन्तरता में नोहर पुलिस थाना के एएसआई मुंशी खां के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने भादंसं की धारा 147, 149, 452, 327, 325, 323 के तहत दर्ज मुकदमा नम्बर 429/2012 में आठ साल से वांछित दो स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार स्थाई वारंटियों की पहचान भालाराम उर्फ सतीश उर्फ भालू (31) पुत्र धर्मपाल जाट निवासी ढाणी रोही कुतियाना पीएस नाथूसरी चोपटा जिला सिरसा हरियाणा व मोहरसिंह (32) पुत्र भादरसिंह छिम्पा निवासी लुदेसर पीएस नाथूसरी चोपटा जिला सिरसा हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस टीम में कांस्टेबल रमेश कुमार और विक्रम कुमार शामिल थे।