संस्कार इंटरनेशनल स्कूल में कार्यक्रम आयोजित हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। यातायात पुलिस की ओर से मंगलवार को जंक्शन स्थित संस्कार इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि जीवन में यातायात नियमों की पालना क्यों जरूरी है। नाबालिग बच्चों को स्कूल में वाहन नहीं लाने के लिए निर्देशित किया गया। यातायात प्रभारी अनिल चिन्दा ने करीब 600 छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश तेजी से विकास कर रहा है। विकास के कारण हर चीज की स्पीड बढ़ी है। इसके कारण हर साल लाखों लोग अकाल मृत्यु का कारण बन जाते हैं। इसलिए हमें कम स्पीड पर वाहन चलाना चाहिए तथा लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक होना चाहिए। चिन्दा ने कहा कि वाहन चलाते समय यातायात के नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। वाहन चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस तथा वाहन का बीमा होना भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में जागरूक करते हुए सड़क सुरक्षा के प्रमुख बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सफर में दुपहिया वाहन चालक व उसके पीछे बैठे व्यक्ति के लिए हेलमेट लगाना जरुरी है। यातायात प्रभारी ने वाहन चलाने वाले की स्वयं की सुरक्षा और अपने परिवार की सुरक्षा के सम्बन्ध में नजर हटी दुर्घटना घटी आदि वाक्यों के जरिए विद्यार्थियों को यातायात नियमों की पालना करने के लिए जागरूक किया। साथ ही कहा कि लोगों के जीवन की सुरक्षा के लिए यह आवश्यक है कि उन्हें यातायात नियमों को लेकर शिक्षित किया जाए। उन्होंने कहा कि हमें यातायात के नियमों का सख्ती से पालन करना चाहिए। वाहन चलाते समय कभी भी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। शराब पीकर कोई भी वाहन नहीं चलाना चाहिए। यातायात प्रभारी की ओर से सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों को ट्रेफिक नियमों की पालना करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के बाद यातायात प्रभारी अनिल चिन्दा की ओर से स्कूल के बाल वाहिनी चालकों को भी यातायात नियमों की पालना करने के लिए निर्देशित किया गया।