एक्ट्रेस संभावना सेठ ने हाल ही में अपने यूट्यूब चैनल से एक वीडियो शेयर किया था जिसमें वो और उनके पति अविनाश अपनी बाई और उसकी भाषा का मजाक उड़ाते दिख रहे हैं। ये वीडियो संभावना ने 16 जून को अपने यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किया था जिसमें उनकी बाई झारखंड के आदिवासी समुदाय की भाषा इस्तेमाल करती नजर आ रही हैं। कपल लगातार भाषा का गलत तरीके से इस्तेमाल कर रहा था और बाई द्वारा सुधारे जाने पर उनका मजाक उड़ा रहा था। वीडियो सामने आते ही लोगों ने कपल की आलोचना शुरू कर दी। विवाद बढ़ते देख अब कपल ने वीडियो डिलीट करते हुए अपना माफीनामा जारी किया है।
संभावना सेठ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है जिसमें कपल ने आदिवासी समुदाय के लोगों से भावनाएं आहत करने पर माफी मांगी है। वीडियो में अविनाश कह रहे हैं, हैलो दोस्तों, हमें अभी ये एहसास हुआ है कि हमारी वीडियो में जो भाषा इस्तेमाल हुई है वो एक झारखंड की आदिवासी कम्यूनिटी की भाषा है, जिसमें लाखों लोग आते हैं। काफी लोग इस वीडियो से हर्ट हुए हैं और उन्हें ठेस पहुंची है।