Sunday, May 3निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

आबकारी विभाग की ओर से ई-नीलामी का चौथा चरण शुरू:छूट; प्रथम बोलीदाता ने नहीं जमा कराई राशि तो दूसरे को उसकी बोली पर मिल सकेगी मधुशाला

हनुमानगढ़

जिले में आवंटन से शेष रही 130 शराब दुकानों की ई-नीलामी का चौथा चरण गुरुवार से शुरु हुआ। खास बात है कि राज्य सरकार ने प्रथम बोलीदाता की ओर से राशि जमा नहीं कराने पर अब द्वितीय एवं तृतीय बोलीदाता को उसके द्वारा लगाई गई बोली राशि पर ही दुकान आंवटित करने की छूट दे दी है। ऐसे में विभाग को इससे फायदा होने की उम्मीद है।

उधर, गुरुवार से बीयर की दरों में भी कमी कर दी गई। ऐसे में अब अब यहां लोगों को बीयर 30 से 35 रुपए तक सस्ती मिलेगी। बीयर की दरों का बदलाव ब्रांड के अनुसार अलग-अलग होगा। राज्य सरकार ने गुरुवार से लागू नई आबकारी नीति में बीयर पर अ​तिरिक्त आबकारी शुल्क और कोविड सरचार्ज हटा दिया। शराब की कीमतों में कोई इजाफा नहीं होगा। इसीके साथ जिन दुकानों की लोकेशन पास हो चुकी है वहां पर एक ही दुकान पर अंग्रेजी और देसी शराब मिलना शुरु हो गया। इससे पहले शहरों में दोनों की अलग-अलग दुकानें थीं। डीईओ चिमनलाल मीणा ने बताया कि कोरोना काल में प्रदेश में बीयर की बिक्री में जबरदस्त गिरावट आई। लॉकडाउन और पाबंदियां भी इसका एक कारण रहा। इस कारण सरकार को रेवेन्यू का काफी नुकसान हुआ। बीयर की बिक्री को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने इस बार अतिरिक्त आबकारी शुल्क और एमआरपी में कमी के साथ कोविड सरचार्ज को हटाने का फैसला लिया है।

नोरंगदेसर में अवैध रूप से स्टॉक की गई 1008 पव्वे देशी शराब जब्त, केस दर्ज
टाउन पुलिस ने गांव नौरंगदेसर रोही में एक कमरे में स्टॉक की गई 1008 पव्वे अवैध देशी शराब को जब्त किया। इस संबंध में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। शेरगढ़ चौकी प्रभारी कैलाश मीणा ने बताया कि सूचना मिली कि नौरंगदेसर रोही में राजेंद्र नायक पुत्र बनवारीलाल एवं तेजपाल नामक व्यक्ति ने राजेंद्र के नौरंगदेसर स्थित मकान के एक कमरे में शराब का स्टॉक किया हुआ है। इस पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की तो मौके पर 21 पेटियों में 1008 पव्वे देशी शराब मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *