बाइक सवार युवक के कब्जे से 34 किलोग्राम पोस्त बरामदगी का मामला हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। 34 किलोग्राम पोस्त बरामदगी के मामले में गिरफ्तार युवक को टाउन पुलिस ने शनिवार को न्यायालय में पेश कर 26 अप्रेल तक का पीसी रिमांड मंजूर करवाया है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस आरोपी जगदीश सिंह उर्फ दिशा (23) पुत्र जैलाराम मेघवाल निवासी इंडियन पम्प के सामने, वार्ड 20, अबूबशहर तहसील डबवाली जिला सिरसा हरियाणा से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने किससे पोस्त खरीदा और कहां बेचना था। मामले की जांच शेरगढ़ पुलिस चौकी प्रभारी विजयपाल बिश्नोई कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार टाउन थाना की एसआई शालू बिश्नोई के नेतृत्व में गश्त कर रही पुलिस टीम ने शुक्रवार देर शाम को कोहला से गुरुसर रोड पर स्थित 14 एचएमएच के पास बाइक सवार जगदीश उर्फ दिशा के कब्जे से 34 किलोग्राम पोस्त बरामद किया था। मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर बाइक जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस टीम में हैड कांस्टेबल पुरुषोत्तम पचार, हैड कांस्टेबल मनीष बिश्नोई और कांस्टेबल महंगासिंह शामिल थे।