बिक्री के 10 लाख 38 हजार रुपए भी बरामद, पिकअप गाड़ी, कार व ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
कोडवर्ड व चाबी से खुलने वाली तिजोरी भी जब्त, तीन जनों को किया गिरफ्तार, एक जना मौके से हुआ फरार
रावतसर पुलिस की डीएसटी के सहयोग से नशे व अवैध हथियारों के खिलाफ दो जगह बड़ी कार्रवाई हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिले की रावतसर पुलिस ने डीएसटी के सहयोग से शुक्रवार रात नशे व अवैध हथियारों के खिलाफ दो जगह बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान 6 क्विंटल 55 किलोग्राम डोडा पोस्त, 400 ग्राम अफीम व 9 जिंदा कारतूस के अलावा अफीम-पोस्त बिक्री के 10 लाख 38 हजार रुपए बरामद किए। साथ ही पिकअप गाड़ी, कार व ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की। पुलिस ने मौके से तीन जनों को गिरफ्तार किया। एक जना भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने एक बंद तिजोरी भी कब्जे में ली है जो कोडवर्ड व चाबी से खुलती है। इस संबंध में रावतसर थाना में एनडीपीएस एक्ट व आर्म्स एक्ट के तहत दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है। यह दोनों कार्रवाई बीकानेर सम्भाग को नशा मुक्त करने के लिए चलाए गए विशेष अभियान मंशा व आॅपरेशन प्रहार के तहत की गई। शनिवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयसिंह राठौड़ ने रावतसर पुलिस की इन दोनों बड़ी कार्रवाई की जानकारी जिला मुख्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में मीडियाकर्मियों को दी। एसपी डॉ. राठौड़ ने बताया कि रावतसर थाना प्रभारी नरेश गेरा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने जिला विशेष दल सेक्टर नोहर के सहयोग से रोही थालड़का में कार्रवाई करते हुए पिकअप सवार शिशपाल (28) पुत्र आत्माराम सहारण निवासी ढाणी चक 21 आरडब्ल्यूडी रोही थालड़का के कब्जे से 400 ग्राम अफीम व 9 जिंदा कारतूस तथा अफीम-पोस्त खरीद-फरोख्त की राशि 10 लाख 38 हजार रुपए बरामद किए। मौके से शिशपाल को गिरफ्तार कर पिकअप जब्त की। शिशपाल के बताए अनुसार पुलिस टीम ने सह आरोपी रवि कुमार पुत्र दयाराम कासनिया निवासी थालड़का के घर से एक बंद तिजोरी जब्त की जो कोडवर्ड व चाबी से खुलती है। नहीं खुलने पर तिजोरी को जब्त किया गया। इस संबंध में शिशपाल व रवि कुमार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच पीलीबंगा थाना इन्द्र कुमार मारवाल को सौंपी गई है। पुलिस टीम में थाना प्रभारी नरेश गेरा, एएसआई सुनील कुमार, कांस्टेबल लक्ष्मण, कांस्टेबल मांगीलाल, कांस्टेबल राजवीर शामिल थे।