आलिया भट्ट और रणबीर कपूर पिछले काफी वक्त से रिलेशनशिप में हैं। दोनों की शादी को लेकर लगातार कयासों का दौर चल रहा है लेकिन अभी तक इस बारे में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। जहां रणबीर कपूर पहले कई एक्ट्रेसेज के साथ रिलेशनशिप में रह चुके हैं वहीं आलिया भट्ट का नाम भी कई सेलेब्स के साथ जुड़ चुका है। साल 2019 में जब आलिया भट्ट से रणबीर कपूर के पास्ट को लेकर सवाल किया गया था तब उन्होंने हिंट दिया था कि उनके भी कई रिलेशनशिप रह चुके हैं।,
जमकर की थी रणबीर की तारीफ
इसी इंटरव्यू में आलिया भट्ट ने अपनी शादी और रणबीर कपूर के नेचर को लेकर बात की थी। आलिया भट्ट ने रणबीर कपूर को एक ‘नगीना’ बताया था और कहा था कि उन्हें संभालना मुश्किल नहीं है। आलिया ने कहा, ‘मैं आपको बताऊं कि वह जटिल आदमी नहीं हैं। वह बहुत ज्यादा सिंपल है। वो इतना अच्छा इंसान है कि मैं दुआ करती हूं कि काश मैं उसके जैसी होती।’
हर हाल में रणबीर मुझसे बेहतर इंसान
आलिया भट्ट ने कहा, ‘एक एक्टर के तौर पर, एक इंसान के तौर पर, हर तरह से… वह मुझसे कहीं बेहतर इंसान है। जहां तक शादी की बात है तो ये इकलौती चीज है जो मुझे अभी बहुत इरिटेट कर रही है। हर सुबह मैं इसी खबर के साथ जागती हूं कि मैं शादी कर रही हूं। मैं उससे कहती हूं कि ये सब क्या है? मुझे लगता है कि अब वह भी इस सब का अभ्यस्त हो चुका है।’