Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

आल इण्डिया किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जीता कांस्य

  • खिलाड़ी अर्जुन सेवटा का हनुमानगढ़ पहुंचने पर किया अभिनंदन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जिले के खिलाड़ी अर्जुन सेवटा ने आॅल इण्डिया किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर देश भर में हनुमानगढ़ का नाम रोशन किया। सोमवार को पदक विजेता खिलाड़ी अर्जुन का हनुमानगढ़ पहुचने पर खेलप्रेमियों की ओर से माला पहनाकर स्वागत किया गया। 20 अप्रेल से 23 अप्रेल तक उत्तर प्रदेश के अयोध्या में आयोजित आॅल इंडिया किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में देश भर से हजारों खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय स्थित भटनेर पिंक सिटी कॉलोनी निवासी रामकुमार सेवटा के पुत्र अर्जुन सेवटा ने श्री खुशालदास विश्वविद्यालय के बैनर तले राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। अर्जुन अब अगस्त में तमिलनाडू में आयोजित होने वाले फेडरेशन टूनामेंट में हिस्सा लेगा। अर्जुन सेवटा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता रामकुमार सेवटा, गुरु कुनाल शर्मा को देते हुए कहा कि इन्हीं के प्रोत्साहन के कारण वह आज इस मुकाम पर पहुंच सका है। इस मौके पर प्रकाश जैन ने कहा कि जिले सहित पूरे राजस्थान के लिए गौरव का विषय है कि हनुमानगढ़ का बेटा आॅल इंडिया विश्वविद्यालय स्तर पर पदक विजेता रहा है। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। बस आवश्यकता है उन्हें प्रोत्साहित करने की। उन्होंने कहा कि अर्जुन को उसके माता-पिता ने प्रोत्साहित कर आज इस मुकाम पर पहुंचाया है कि वह पूरे देश में अपना, अपने परिवार व अपने जिले का नाम रोशन कर सका है। उन्होंने अर्जुन को अगस्त में तमिलनाडू में आयोजित होने वाले फेडरेशन टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी। इस मौके पर चरणजीत थरेजा, मोहन निनानिया, कुन्दनलाल नानकाणी, अशोक अग्रवाल, हिमांशु निनानिया सहित अन्य खेलप्रेमी मौजूद थे।