Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अवैध रूप से चालान काटने का आरोप, कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन

  • ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक बोले, परिवहन विभाग के अधिकारी अपना रहे भेदभावपूर्ण रवैया
  • ट्रक आॅपरेटर यूनियन सदस्यों को पाबंद करने की मांग
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    परिवहन विभाग के अधिकारियों पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने व ट्रैक्टर-ट्रॉली के अवैध रूप से चालान काटने का आरोप लगाते हुए जनता ट्रैक्टर-ट्रॉली यूनियन के बैनर तले ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों ने सोमवार को जिला कलक्टर पर विरोध-प्रदर्शन किया। मांग के संबंध में जिला कलक्टर को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के वाणिज्यिक उपयोग के लिए परिवहन विभाग को उचित शुल्क जमा करवाकर रजिस्ट्रेशन करवाया हुआ है। इसके बावजूद भी कुछ दिनों से परिवहन विभाग के अधिकारियों की की ओर से ट्रक आॅपरेटर यूनियन के दबाव में आकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के नाजायज रूप से बिना किन्हीं उचित मापदण्डों के चालान किए जा रहे हैं। यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि नोहर के परिवहन अधिकारी की ओर से ट्रैक्टर-ट्रॉली में 4200 किलोग्राम तक का वजन पास किया जा रहा है जबकि हनुमानगढ़ परिवहन अधिकारी की ओर से मात्र 2500 किलोग्राम वजन पास किया जा रहा है। एक ही जिले में दो परिवहन अधिकारियों की ओर से स्वविवेक से कानून की गलत व्याख्या कर वजन में इतना अंतर दिया जा रहा है जोकि राज्य सरकार की गाइडलाइन व नियमों की खुली अवहेलना है। यूनियन पदाधिकारियों ने हनुमानगढ़ जिला परिवहन विभाग के भेदभावपूर्ण रवैये की निंदा करते हुए 4200 किलोग्राम तक माल परिवहन की अनुमति देने की मांग की। इसके अलावा ज्ञापन में बताया गया कि ट्रक आॅपरेटर यूनियन की ओर से टाउन में शंकर धर्मकांटा के पास दिए जा रहे धरने के कारण अनुज्ञाधारी ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक जब वजन करवाने जाते हैं, उस समय ट्रक आॅपरेटर यूनियन के सदस्य जान-बूझकर अनावश्यक तीव्र शोरगुल करते हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के पास पूर्ण दस्तावेज होने के बावजूद भी जांच अधिकारी को दस्तावेज दिखाते समय ट्रक आॅपरेटरों की ओर से सामूहिक रूप से शोरगुल कर चालान करने के लिए बाध्य करने की कोशिश की जाती है। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक अनावश्क रूप से मानसिक प्रताड़ना झेल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रक आॅपरेटर यूनियन की ओर से अनावश्यक रूप से धरना-प्रदर्शन जारी रखकर ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों को अनावश्यक परेशान कर जिला कलक्टर की ओर से गठित संयुक्त जांच दल के आदेशों की खिल्ली उड़ाई जा रही है। ट्रैक्टर-ट्रॉली यूनियन सदस्यों ने जिला कलक्टर से मांग की कि ट्रक आॅपरेटर यूनियन को पाबंद किया जाए कि वे ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों को अनावश्क रूप से परेशान न करें। इस मौके पर नरेश शर्मा, लालसिंह, अंग्रेजसिंह, साहबराम, सुनील, कालासिंह, देवीलाल, महावीर, बलवीर, पवन कुमार सहित कई ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौजूद थे।