इंग्लैंड
इंग्लैंड ने पाकिस्तान को आखिरी टी-20 मैच में 3 विकेट से हराकर तीन मैचों की टी-20 सीरीज पर 2-1 से कब्जा कर लिया। ये संभव हो पाया आदिल राशिद की शानदार गेंदबाजी और जेसन रॉय की तूफानी पारी की बदौलत। सीरीज का पहला मैच पाकिस्तान ने जीता, जबकि दूसरा मैच इंग्लैंड ने जीत कर सीरीज में बराबर ली और आखिरी मैच को जीत कर सीरीज पर कब्जा जमा लिया।
रिजवान ने 76 रन की पारी खेली
पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 6 विकेट पर 154 रन बनाए थे। एक बार फिर अच्छी शुरुआत के बाद पाकिस्तान के मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज इसका फायदा नहीं उठा पाए। पहला विकेट कप्तान बाबर आजम के रूप में 42 रन पर गिरा। आजम 11 रन बनाकर आउट हो गए थे। वहीं पाकिस्तान का दूसरा विकेट 67 रन पर गिरा। शोएब मकसूद 12 गेंद पर 13 रन बनाकर आउट हो गए। इसी ओवर की चौथी गेंद पर मोहम्मद हफीज कैच देकर पवेलियन लौट गए।
वहीं एक छोर पर टिके हुए रिजवान ने फखर जमां के साथ मिलकर पारी को 100 रन के पार पहुंचाया, मगर 114 रन पर फखर के आउट होने के बाद कोई भी बल्लेबाज दूसरी छोर से रिजवान का साथ नहीं दे सका। शादाब खान 125 रन पर और इमाद वसीम 129 रन पर आउट हो गए। रिजवान 57 गेंदों पर 76 रन बनाकर नाबाद रहे और उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 3 छक्के लगाए। वहीं इंग्लैंड की ओर से आदिल राशिद ने 35 रन पर 4 विकेट लिए। वहीं मोईन अली को भी एक विकेट मिला।
इंग्लैंड की शानदार शुरुआत
टारगेट का पीछा करने उतरी इंग्लिश टीम की शुरुआत धमाकेदार रही। इंग्लैंड का पहला विकेट 67 रन पर गिरा। जोस बटलर 21 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं बटलर के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए डेविड मलान ने जेसन रॉय का पूरा साथ दिया। दोनों मिलकर टीम का स्कोर 92 रन तक लेकर गए। रॉय ने 36 गेंदों पर 64 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाया।
रॉय के बाद कप्तान ओएन मोर्गन ने पारी को संभाला और मलान का साथ दिया। मलान ने 33 गेंदों पर 31 रन और मोर्गन ने 12 गेंदों पर 21 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद हाफिज ने 28 रन पर 3 विकेट लिए। वहीं इमाद वसीम, हसन अली, उस्मान कादिर, शादाब खान ने एक-एक विकेट लिए।