Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

इंटरव्यू:टीना डाबी की बहन रिया की UPSC में 15वीं रैंक:दीदी को देखकर स्कूल से ही शुरू कर दी थी तैयारी, इंटरव्यू में नर्वस हो गईं; बोलीं- मम्मी का सपना पूरा हुआ

जयपुर

यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2020 के परिणाम घोषित हो गए हैं। 2015 बैच की टॉपर टीना डाबी की बहन रिया ने इस साल देशभर में 15वीं रैंक हासिल की है। अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी की परीक्षा पास करने वाली रिया महज 23 साल की हैं। रिया ने दिल्ली के श्रीराम कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन की है। उन्होंने बातचीत में अपनी सफलता का श्रेय अपने परिजनों को दिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता और उनकी बड़ी बहन उन्हें हमेशा गाइड करते थे। इसकी वजह से आज वह कामयाब हो सकी हैं।

परिणाम आने के बाद माता-पिता के साथ रिया डाबी।

परिणाम आने के बाद माता-पिता के साथ रिया डाबी।

23 साल की रिया डाबी परिणाम आने के बाद से ही काफी खुश हैं। उन्होंने बताया की सिविल सर्विसेज में जाना मेरा ही नहीं बल्कि मेरी मम्मी का भी सपना था। वह चाहती थीं कि हम दोनों बहनें सिविल सर्विसेज में जाएं। रिया ने बताया कि जब दीदी आईएएस ऑफिसर बनी थीं, तब मैं स्कूल में थी। उस वक्त मुझे यही लगा कि वो कर सकती हैं तो मैं भी मेहनत के दम पर यह कोशिश कर सकती हूं। इसके बाद स्कूल टाइम से ही तैयारी करना शुरू कर दिया।

रिया महज 23 साल की हैं। उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी की परीक्षा को क्लियर किया है।

रिया महज 23 साल की हैं। उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी की परीक्षा को क्लियर किया है।

रिया ने बताया कि वह सिविल सर्विसेज इंटरव्यू में काफी नर्वस थीं, लेकिन बोर्ड में सभी बहुत सपोर्टिव थे। एक्सपीरिएंस मजेदार बना। इससे पहले मैंने मॉक टेस्ट दिए थे। तब मुझसे पूछा जाता था कि क्या आप टीना डाबी की बहन हैं, मगर इंटरव्यू में ऐसा नहीं हुआ। मुझे लगता है कि सिविल्स की तैयारी आपकी पूरी पढ़ाई को कवर करती है। स्कूल से लेकर कॉलेज तक की। अगर आप कॉन्सेप्ट समझेंगे, सब्जेक्ट की गहराई को एन्जॉय करेंगे तो तैयारी आसान हो जाएगी। रिया के पिता सरकारी कर्मचारी हैं और मां होममेकर हैं।

रिया की सफलता के बाद घर में जश्न का माहौल है। रिया की मां हिमानी डाबी ने बताया कि आज शब्दों से अपनी खुशी को बयां नहीं कर सकती हूं। दोनों बेटियों ने सिविल सर्विसेज में पहुंच कर परिवार का नाम रोशन किया है। रिया के पिता जसवंत डाबी ने कहा कि बेटियों की सफलता पर आज गर्व महसूस कर रहा हूं।

आईएएस टीना डाबी ने भी सोशल मीडिया के जरिए अपनी बहन को बधाई दी थी। उन्होंने लिखा था कि मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मेरी छोटी बहन रिया ने यूपीएससी 2020 परीक्षा में 15वीं रैंक हासिल की है।

राजस्थान से है रिया का परिवार
बता दें कि रिया डाबी मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली हैं। पिछले कुछ वक्त से रिया अपने परिवार के साथ दिल्ली में रह रही हैं। रिया को पढ़ाई के साथ पेंटिंग का भी काफी शौक है। इसके साथ ही रिया सोशल मीडिया पर भी काफी पॉपुलर है। उन्हें उनकी बहन टीना डाबी की तरह लाखों की संख्या में लोग सोशल मीडिया पर फॉलो करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *