नागौर
इंडियन आइडल 12 के टॉप 8 सिंगर सवाई भाट को सिंगिंग का पहला ब्रेक मिला है और वे इस शो के जज रहे हिमेश रेशमिया के एलबम से इसकी शुरुआत करेंगे। दरअसल, सवाई भाट के शो से बाहर होने के बाद उनके कई फैन को निराश हो गए थे। वहीं कई बडे़ सेलिब्रिटी ने उनके बाहर होने के बाद पोस्ट भी शेयर की। लेकिन हिमेश रेशमिया के एलबमसे उनके कमबैक की खबर सुनते ही फैंस में जबरदस्त उत्साह है।
अपनी गायकी से देशभर में लाखों लोगों को अपना दीवाना बना चुके सवाई को अब मशहूर बॉलीवुड संगीतकार, एक्टर और गायक हिमेश रेशमिया के नए एलबम हिमेश के दिल से एलबम में गाने का मौका मिला है। खास बात यह है कि वे इस एलबम का पहला सांग गाएंगे, जो रोमांटिक है। हिमेश ने सिंगर के साथ गाना रिलीज करने का ऐलान कर दिया है। हिमेश रेशमिया ने बताया कि वे जल्द ही सवाई भाट के साथ एक नया गाना रिलीज करने जा रहे हैं। गाने की रिकार्डिंग भी पूरी हो चुकी है, अब जल्द ही रिलीज डेट अनाउंस कर दी जाएगी।

हिमेश रेशमिया ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी जानकारी।
सोमवार देर रात में हिमेश ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट के जरिए इस बात की जानकारी दी है। हिमेश ने लिखा, ‘हिमेश रेशमिया मेलॉडीज लेबल के तहत बनने वाले मेरे नए एलबम हिमेश के दिल से का पहला गाना सवाई भाट गाएंगे। हाल ही में सवाई ने गाना रिकॉर्ड किया है। मैं जल्द ही इस गाने की रिलीज डेट का ऐलान करूंगा। भले ही ये गाना सवाई का डेब्यू गाना हो लेकिन सवाई ने इसे जबरदस्त अंदाज से गाया है। आप सभी को ये काफी पसंद आएगा। यह एक सुंदर रोमांटिक गीत है और आप सभी को गीत और गाने में सवाई की आवाज पसंद आएगी। सवाई ने गीत को बहुत सावधानी से गाया है।

सवाई ने इंस्टाग्राम पोस्ट कर जताई खुशी।
सवाई ने रेशमिया का जताया आभार
मशहूर बॉलीवुड संगीतकार, एक्टर और गायक हिमेश रेशमिया द्वारा की गई अनाउंसमेंट के तुरंत बाद सिंगर सवाई भाट ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ‘मैं आपका सवाई भाट आप सब को नमस्कार करता हूं, मैं बहुत उत्साहित हूं और हिमेश सर का आभारी हूं कि उन्होंने ने मुझे उनके नए एलबम ‘हिमेश के दिल से’ में उनके कंपोज किए गाने को गाने का मौका दिया है। यह एक सुन्दर गीत है। मैं आपके साथ गीत साझा करने के लिए इंतजार नहीं कर सकता हूं, जल्द ही गाने की रिलीज की तारीख की घोषणा होगी। आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद।
अमिताभ की नातिन नव्या भी है सवाई की आवाज की दीवानी
अमिताभ बच्चन की नातिन नव्या नवेली नंदा ने भी पिछले दिनों अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर सवाई भाट की स्टेज पर परफॉर्म देती हुई एक तस्वीर शेयर की थी, जिसमें सिंगर उदित नारायण उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने सवाई के लिए चीयर भी किया था। इसके अलावा सवाई के पहले गाने की खबर आने के बाद से अब देश भर में उनके फैन्स में भी जबरदस्त उत्साह और खुशी का माहौल है।
संघर्षों भरा रहा है सवाई का अब तक का सफर
अपनी गायकी से देशभर में लाखों लोगों को अपना दीवाना बना चुके सवाई के जीवन की अब तक की कहानी संघर्षों से भरी रही है। शो में जाने से पहले तक राजस्थान के नागौर जिले के गच्छीपुरा गांव निवासी 20 साल के सवाई भाट को अपना और अपने परिवार का पेट पालने के लिए गांव-गांव कठपुतली का खेल दिखाना व देश विदेश से आने वाले पर्यटकों के सामने गाने-बजाने का काम करना पड़ रहा था।
बहुत छोटी उम्र में ही सवाई अपने दादा खैराती भाट व पिता रमेश भाट के साथ कठपुतली का खेल दिखाने के दौरान गांव-गांव घूमते थे। गांव के स्कूल से तीसरी कक्षा तक पढ़ाई पूरी करने के बाद वो अपने पिता के साथ जोधपुर चले गए। उन्हाेंने गांव-गांव घूमकर कठपुतली का खेल दिखा कर अपने पिता रमेश व माता सुशीला का घर चलाने में साथ दिया। उन्होंने बताया की कठपुतली का खेल दिखाने के दौरान ढोलक व हारमोनियम बजाते- बजाते वो शादी ब्याह की महफिलों और आस-पड़ोस में होने वाले माता के जगरातों व भजन संध्या कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों के साथ कमाई की आस लिए हारमोनियम और तबला बजाने के लिए भी जाने लगे। मांगणियार और लंगा गायकों के साथ गाने-बजाने का काम भी किया।