Monday, August 31निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

इंसानियत हुई शर्मसार, 4 साल की मासूम के साथ दुष्कर्म; गंभीर हालत में बच्ची जयपुर रेफर

जयपुर

राजस्थान के करौली जिले के हिंडोन सिटी में 4 साल की मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। हिण्डौन के नई मंडी थाना क्षेत्र में 4 साल की मासूम बालिका के साथ वहशी दरिंदे द्वारा दुष्कर्म किया गया। बालिका की हालत गंभीर बनी हुई है। हिंडौन के जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बालिकाओं को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया है। सूचना पर थाना पुलिस के अलावा जिला पुलिस अधीक्षक भी हिण्डौन पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर सरगर्मी से आरोपी की तलाश की जा रही है। घटना से क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है।

राहगीरों को खून से लथपथ मिली बालिका

पुलिस के अनुसार हिण्डौन सिटी रेलवे ओवरब्रिज के समीप एक 4 वर्षीय बालिका अपने परिजनों के साथ सो रही थी। मध्य रात्रि को अज्ञात व्यक्ति आया तथा सोती हुई बालिका को उठाकर ले गया। जिसके बाद उसने वहशी तरीके से उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।  जिसके बाद वह बालिका को रेलवे ओवरब्रिज के समीप ही पटक कर फरार हो गया। शनिवार सुबह राहगीरों को खून से लथपथ बालिका बेहोश अवस्था में मिली। जिसके बाद उसे हिंडौन के जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बालिका को तलाश करते हुए परिजन दी जिला अस्पताल पहुंच गए।

पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया

सूचना पर हिंडौन पुलिस उपाधीक्षक किशोरी लाल एवं हिंडौन नई मंडी थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची तथा घटना की जानकारी लेने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह इंदोलिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, महिला सेल प्रभारी, जिला स्पेशल टीम भी हिंडौन पहुंची। एसपी ने बालिका के परिजनों से घटना की जानकारी लेने के बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है।